ओवैसी-चंद्रशेखर के ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ पर यूपी के नेताओं की प्रतिक्रिया

owisi
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सुगबुगाहट के बीच एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ‘रावण’ ने गठबंधन का ऐलान कर दिया है। इस नए गठजोड़ का नाम ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ रखा गया है। दलित-मुस्लिम वोट बैंक को साधने की कोशिश में बने इस ‘तीसरे मोर्चे’ को लेकर यूपी की सियासत गरमा गई है और विभिन्न दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

इमरान मसूद: ‘सबको अपना अधिकार है’

कांग्रेस नेता और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने इस गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “सबको अपना अधिकार है। सब अपने तरीके से राजनीति करते हैं। वे अपने तरीके से राजनीति कर रहे हैं और उन्होंने अपना गठबंधन बनाया है। हम अपने तरीके से काम करेंगे।”

तनुज पुनिया: ‘जनता ने इंडिया गठबंधन के पक्ष में मन बना लिया है’

बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि इस नए मोर्चे से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। उन्होंने कहा, “जनता ने पहले ही मन बना लिया है कि वे ‘इंडिया गठबंधन’ के साथ खड़े होंगे और बीजेपी को सत्ता से हटाएंगे। बाकी लोग चाहे कोई भी गठबंधन बनाएं, जनता अपना फैसला ले चुकी है।”

सपा सांसद नदवी के ओवैसी पर तीखे सवाल

समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने इस गठबंधन पर कड़ी आपत्ति जताते हुए असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “ओवैसी चंद्रशेखर के लिए राजनीतिक जमीन तैयार करने के लिए हैदराबाद से यूपी क्यों आ रहे हैं? ओवैसी को अपने गृह राज्य के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए, जहां ऐतिहासिक चारमीनार को मंदिर में बदलने की कोशिश हो रही है।”

नदवी ने मुसलमानों को ‘अब्दुल’ कहे जाने पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि मुसलमानों को बाहरी नेताओं पर निर्भर रहने के बजाय अपनी समझ से अपने प्रतिनिधि चुनने चाहिए। उन्होंने दावा किया कि यूपी में अगली सरकार अखिलेश यादव के नेतृत्व वाले पीडीए (PDA) की ही बनेगी।

मंत्री दानिश आजाद: ‘जनता काम का हिसाब करेगी’

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कई दल यूपी में आएंगे, लेकिन अहम सवाल यह है कि जनता के लिए काम किसने किया है?

उन्होंने कहा, “योगी सरकार ने यूपी को क्राइम और दंगों से मुक्त बनाने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए काम किया है। पिछले 10 सालों से पीएम मोदी ने सुनिश्चित किया है कि राशन और सुशासन हर किसी तक पहुंचे।”

जगदंबिका पाल: ‘यह सिर्फ चुनावी गठबंधन है’

बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने इस मोर्चे को महज एक चुनावी गठजोड़ करार दिया। उन्होंने कहा, “चुनाव से पहले गठबंधन बनते हैं और हारने के बाद टूट जाते हैं, फिर वे एक-दूसरे को गालियां देते हैं। राज्य की जनता को पता है कि यह सिर्फ सुविधा के लिए किया गया गठबंधन है। यूपी में फिर से बीजेपी ही सरकार बनाएगी।”