27 चुनाव से पहले कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, 625 KM की यात्रा पर निकले चन्नी

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों (2027) से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देते हुए जनसंपर्क अभियानों की झड़ी लगा दी है। 4 नवंबर को संगरूर में मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी की ‘इंसाफ रैली’ के बाद, अब पार्टी ने चमकौर साहिब से ‘जवानी संभाल साइकिल यात्रा’ का आगाज किया है।
इस साइकिल यात्रा की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने की। उनके साथ पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह भी इस यात्रा में शामिल हुए।
युवाओं को नशे और अपराध से बचाना मुख्य लक्ष्य
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य पंजाब की युवा पीढ़ी को ड्रग्स (नशे), गैंगस्टर संस्कृति और अपराध के जाल से बाहर निकालना है।
सचिन पायलट ने मीडिया से बातचीत में कहा, “पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष चरणजीत सिंह चन्नी के निर्वाचन क्षेत्र से शुरू होने वाली यह साइकिल रैली उसी ‘इंसाफ रैली’ के प्रयास का हिस्सा है। कांग्रेस पार्टी ने पंजाब के लोगों को एक बेहतर भविष्य देने का संकल्प लिया है। हमारा अभियान केवल चुनावी जीत के लिए नहीं, बल्कि पंजाब को वापस विकास की पटरी पर लाने के लिए है।”
सचिन पायलट का मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला
यात्रा के दौरान सचिन पायलट ने आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आप सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और लोग अब उम्मीद खो चुके हैं।
पायलट ने आरोप लगाया, “मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक बड़ा मौका गंवा दिया है। वो गंभीर सवालों का जवाब देने के बजाय अक्सर चुटकुले सुनाकर ध्यान भटकाते हैं। हम इन मुद्दों को लगातार उठाते रहेंगे, जवाबदेही मांगेंगे और न्याय के लिए लड़ेंगे, खासकर उन युवाओं के लिए जिन्हें अंधेरे की ओर धकेला जा रहा है।”
परगट सिंह बोले- ‘हम एक टीम के रूप में बढ़ रहे आगे’
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने इस अभियान को सामूहिक प्रयास बताया। उन्होंने कहा, “टीम वर्क के बिना कुछ नहीं होता। हम एक टीम के रूप में आगे बढ़ रहे हैं। यह ‘इंसाफ रैली’ का ही हिस्सा है, फिर चाहे वो बस यात्रा हो, साइकिल रैली हो या बुद्धिजीवियों से संवाद हो। जब हर पंजाबी यह महसूस करेगा कि ‘पंजाब मेरा है’, तो राज्य फिर से पटरी पर लौट आएगा।”
आगामी चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन पर परगट सिंह ने कहा कि अभी इसमें कोई जल्दबाजी नहीं है, लेकिन कांग्रेस की सूची में अनुभवी, युवा और नए चेहरों का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा।

