यूपी में नए मोर्चे की एंट्री, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने गठबंधन पर क्या कहा?

imran
Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासत गरमा गई है। ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का ऐलान करने के बाद ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने एक बड़ा दांव चला है। लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओवैसी ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को इस नए गठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है।

ओवैसी बोले- ‘चंद्रशेखर सीएम बनेंगे तो अपने विजन से बदलाव लाएंगे’

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी इस मोर्चे को सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “गठबंधन की सफलता के लिए हम सभी मिलकर काम करेंगे और यह सफलता उत्तर प्रदेश की जनता की सफलता होगी। जब चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री बनेंगे, तो वह अपने विजन के मुताबिक राज्य में बदलाव लागू कर सकेंगे।”

इमरान मसूद का पलटवार- ‘ये लोग बीजेपी को फायदा पहुंचाते हैं’

ओवैसी के इस ऐलान के बाद सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस के सहारनपुर से लोकसभा सांसद इमरान मसूद ने इस गठबंधन पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। एबीपी न्यूज़ से बातचीत में मसूद ने कहा कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और ओवैसी को इस तरह का ऐलान करने से पहले थोड़ा इंतजार करना चाहिए था।

मसूद ने तंज कसते हुए कहा, “ऐसे लोग बीजेपी को फायदा पहुंचाते हैं। ओवैसी एक काबिल इंसान हैं, उन्हें अपनी राजनीतिक भूमिका के बारे में सोचना और समझना चाहिए।”

‘अब्दुल अब सिर्फ दरी नहीं बिछाएगा’

चंद्रशेखर आजाद को सीएम चेहरा बनाए जाने पर इमरान मसूद ने कहा, “चंद्रशेखर मेरे छोटे भाई हैं, देखते हैं कि वह आगे क्या करते हैं।”

इसके साथ ही मसूद ने ओवैसी की मुस्लिम राजनीति पर भी करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “ओवैसी अब्दुल की बात करके राजनीति करते हैं, लेकिन अब बराबरी की बात होगी। अब्दुल ही दरी क्यों बिछाएगा? अब अब्दुल बराबरी की बात करेगा।”

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अखिलेश यादव पर की गई टिप्पणी के सवाल पर इमरान मसूद ने यह कहते हुए जवाब देने से इनकार कर दिया कि वह व्यक्तिगत टिप्पणियों पर कुछ नहीं बोलना चाहते।