‘मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बनाया, यही गुनाह है’, ED की हिरासत में बोले आजम खान

azam khan
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम आजम खान को गाजियाबाद की डासना जेल से दिल्ली लेकर पहुंची है।

दिल्ली लाए जाने के बाद सबसे पहले डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल (RML Hospital) में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें दिल्ली स्थित ED मुख्यालय ले जाया गया। इस पूरी कार्रवाई के बीच समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं ने आजम खान की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंताएं जाहिर की हैं।

‘मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बनाया, यही गलती थी’

ED मुख्यालय ले जाए जाने के दौरान आजम खान ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में अपने ऊपर हो रही कार्रवाई को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा, “हमने बच्चों को शिक्षित करने का ‘गुनाह’ किया है। हमने एक यूनिवर्सिटी बनाई, हमने स्कूल बनाए। एक मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बनाया, यही मेरी गलती थी।”

अखिलेश यादव ने जताई सुरक्षा की चिंता

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खान को अज्ञात स्थान पर ले जाए जाने की खबरों पर चिंता व्यक्त की है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मुझे सूचना मिली है कि आजम खान को गाजियाबाद की डासना जेल से किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया जा रहा है। यह प्रशासन की जिम्मेदारी है कि उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।”

शिवपाल यादव के गंभीर आरोप: ‘जान लेने की हो रही कोशिश’

इससे पहले, सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने गाजियाबाद की डासना जेल जाकर आजम खान से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद शिवपाल ने जेल प्रशासन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

शिवपाल ने कहा, “जेल के अधिकारी आजम खान को परेशान कर रहे हैं और उनकी जान लेने के प्रयास किए जा रहे हैं।” उन्होंने दावा किया कि खान के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे पूरी तरह फर्जी हैं और उम्मीद जताई कि अदालत से उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।

जेल प्रोटोकॉल के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए शिवपाल ने आगे कहा, “आजम खान 10 बार विधायक, चार बार मंत्री और दो बार सांसद रहे हैं। इसके बावजूद उनके मामले में जेल प्रोटोकॉल का खुला उल्लंघन हो रहा है। खाने से लेकर अन्य सभी मामलों में नियमों की अनदेखी हो रही है। कई बार उनकी जान लेने की कोशिश की गई, लेकिन वह मजबूती से खड़े हैं।”

क्यों हुई है ED की कार्रवाई?

गौरतलब है कि आजम खान को गत 31 अक्टूबर को दो पैन कार्ड से जुड़े एक मामले में जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आते ही ED की टीम ने हिरासत में ले लिया था। ED ने यह ताजा कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में सरकारी धन एवं ठेकों से जुड़े फंड के कथित दुरुपयोग के मामले में की है।