शादी में 1 डिश, बाजार 9 बजे बंद! मंत्रियों का पेट्रोल-डीजल भी आधा

pakistan-shehbaz-sharif-government-crisis-imran-khan-ppp-opposition
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

पड़ोसी देश पाकिस्तान की चरमराती अर्थव्यवस्था और गहराते ईंधन (Fuel) संकट के बीच सरकार ने देश चलाने के लिए सख्त बचत योजना (Austerity Drive) लागू कर दी है। 17 सितंबर को पाकिस्तान के कैबिनेट डिवीजन द्वारा जारी नए नियमों के तहत अब पूरे देश में रात 9 बजे बाजार बंद कर दिए जाएंगे और शादियों में मेहमानों को प्लेट में सिर्फ एक ही डिश (One Dish Rule) परोसी जाएगी।

आम जनता और कारोबारियों पर नई पाबंदियां

ईंधन और बिजली बचाने के उद्देश्य से सरकार ने जनता और व्यापारियों के लिए सख्त नियम तय किए हैं:

  • बाजार और शादियां: रात 9 बजे तक हर हाल में सभी बाजार और शॉपिंग मॉल बंद करने होंगे। शादी के कार्यक्रम रात 10 बजे तक खत्म करने का अल्टीमेटम दिया गया है।

  • वन डिश रूल: शादियों में फिजूलखर्ची रोकने के लिए खाने में केवल ‘वन डिश’ का नियम लागू किया गया है।

  • रेस्टोरेंट: रेस्टोरेंट और कैफे को रात 11 बजे तक ही खुलने की इजाजत होगी। हालांकि, टेकअवे (Takeaway) और होम डिलीवरी को इस नियम से छूट दी गई है।

VIP ऐश-ओ-आराम पर कैंची, विदेश यात्राओं पर बैन

सरकारी खजाने की खस्ताहालत और महंगे होते तेल को देखते हुए मंत्रियों और अफसरों की सुविधाओं में भी बड़ी कटौती की गई है:

  • पेट्रोल कोटे में 50% कटौती: अगले 3 महीनों के लिए सरकारी गाड़ियों के लिए मिलने वाले पेट्रोल-डीजल के कोटे को आधा (50%) कर दिया गया है।

  • नई खरीद पर रोक: सभी सरकारी महकमों को नई गाड़ियां और अन्य उपकरण खरीदने से रोक दिया गया है।

  • विदेश यात्राओं पर बैन: मंत्रियों, सांसदों और अधिकारियों के अगले 3 महीनों तक सरकारी खर्चे पर विदेश जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब उन्हें बैठकों के लिए केवल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का इस्तेमाल करना होगा।

  • दावतों पर रोक: सरकारी खर्च पर होने वाले सेमिनार, कॉन्फ्रेंस और दावतों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है।

क्यों आसमान छू रहे हैं पेट्रोल-डीजल के दाम?

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव, लाल सागर (Red Sea) में जहाजों पर हूतियों के हमले और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव ने पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी है।

  • 18 सितंबर के आंकड़ों के अनुसार, पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 390.79 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल 424.92 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुकी है।

  • हालात इतने खराब हैं कि सरकार को आम जनता के आक्रोश से बचने के लिए बाइक, रिक्शा और छोटी कार वालों को 100 रुपये प्रति लीटर की लक्षित सब्सिडी (Fuel Relief) देनी पड़ रही है।

यह इस साल पाकिस्तान का दूसरा बड़ा ‘ऑस्टेरिटी प्लान’ है। इससे पहले मार्च में भी सरकार ने तेल बचाने के लिए स्कूल-कॉलेज बंद करके सरकारी दफ्तरों में वर्क-फ्रॉम-होम (WFH) लागू कर दिया था।