अबू धाबी के BAPS मंदिर में महा अन्नकूट दर्शन, 10 नवंबर तक खुले रहेंगे द्वार

diwali
Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

रोशनी और खुशियों के पर्व दीपावली (Diwali) के अवसर पर अगर आप अबू धाबी (Abu Dhabi) स्थित ऐतिहासिक BAPS हिंदू मंदिर (BAPS Hindu Mandir) के दर्शन करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है।

मंदिर प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं और आगंतुकों से आग्रह किया है कि वे एक आरामदायक और व्यवस्थित दर्शन के लिए अपने स्लॉट की प्री-बुकिंग (Pre-Booking) जरूर करें। दीपावली ‘महा अन्नकूट’ (Maha Annakut) में बड़ी संख्या में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और परिवारों की सुविधा को देखते हुए अतिरिक्त परिवहन व्यवस्था भी की गई है।

मंदिर में प्रवेश के सख्त नियम

मंदिर प्रबंधन ने आगंतुकों को प्रवेश नियमों की याद दिलाते हुए स्पष्ट किया है:

  • प्री-बुकिंग अनिवार्य: बिना पंजीकरण (Registration) वाले किसी भी आगंतुक को मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

  • कहां करें बुकिंग: प्रत्येक आगंतुक को वेबसाइट mandir.ae/visit या ‘Mandir Abu Dhabi’ ऐप (Google Play व App Store पर उपलब्ध) के माध्यम से व्यक्तिगत रूप से प्री-बुक करना होगा। ध्यान रहे, बुकिंग केवल संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पहुंचने के बाद ही की जा सकती है।

  • आईडी कार्ड जरूरी: आगंतुकों को सरकार द्वारा जारी कोई वैध आईडी (Emirates ID या पासपोर्ट) साथ रखना होगा।

  • चेकिंग प्रक्रिया: एंट्री पास पर दर्ज विवरण का मिलान आपकी आईडी से किया जाएगा। प्रवेश द्वार पर प्री-बुक्ड QR कोड दिखाना अनिवार्य है। आगमन पर पूरी सुरक्षा जांच की जाएगी।

  • दिव्यांगों (People of Determination) को प्रवेश में प्राथमिकता दी जाएगी और अनुरोध पर व्हीलचेयर भी उपलब्ध है। ड्रेस कोड और प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची मंदिर की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

आवागमन और ट्रांसपोर्ट की विशेष व्यवस्था

अबू धाबी के इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट सेंटर (ITC) के सहयोग से मंदिर प्रबंधन ने यातायात की विशेष व्यवस्था की है:

  • अबू धाबी से BAPS हिंदू मंदिर तक सीधी सेवा देने वाला बस रूट 203, अब 10 नवंबर तक विस्तारित समय के साथ संचालित होगा।

  • आगंतुकों की संभावित भारी भीड़ को संभालने के लिए बसों की संख्या बढ़ा दी गई है।

  • सुविधाजनक पिक-अप के लिए मंदिर के पार्किंग क्षेत्र में अतिरिक्त टैक्सियां भी उपलब्ध रहेंगी।

‘महा अन्नकूट’, दिवाली पूजा और इमर्सिव शो

दीपावली के अवसर पर मंदिर में कई सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है:

  • इमर्सिव शो: मंदिर ने आगंतुकों के लिए एक नया इंटरएक्टिव ‘इमर्सिव अनुभव’ (Immersive Experience) शुरू किया है। इसमें मंदिर की दीवारों को आकर्षक विज़ुअल डिस्प्ले से रोशन किया जा रहा है। यह शो 10 नवंबर तक आगंतुकों के लिए मुफ्त में खुला रहेगा।

  • दिवाली पूजा: दिवाली के अगले दिन गुजराती और मारवाड़ी समुदाय अपना नया साल मनाते हैं। इस अवसर पर शाम 6:30 बजे से 8:30 बजे तक विशेष दिवाली पूजा आयोजित की जाएगी। इसके लिए भी पंजीकरण आवश्यक है।

  • महा अन्नकूट: 10 नवंबर तक सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक ‘महा अन्नकूट दर्शन’ का आयोजन किया जा रहा है। इस साल महा अन्नकूट में प्यार और भक्तिभाव से तैयार किए गए सैकड़ों शाकाहारी व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह मंदिर सोमवार को भी खुला रहेगा, जबकि आमतौर पर यह दिन मंदिर के बंद रहने का होता है।