नाइजीरिया में सैन्य विमान क्रैश, 25 यात्रियों और 7 क्रू समेत सभी 32 की मौत

नाइजीरिया के दक्षिण-पश्चिमी ओन्डो राज्य में एक बड़ा विमान हादसा हुआ है। बेनिन से लागोस जा रहा नाइजीरियाई वायु सेना का एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हादसे में विमान में सवार सभी 32 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में 25 यात्री और चालक दल (क्रू) के 7 सदस्य शामिल हैं। विमान का मलबा इग्बोकोडा स्थित नौसैनिक अड्डे के पास मिला है और वहां रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
सुबह 9:13 बजे रडार से गायब हुआ था विमान
विमानन मंत्री फेस्टस केयामो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी दी कि यह सैन्य विमान सोमवार सुबह 9:13 बजे लापता हो गया था। उड़ान भरने के बाद रास्ते में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने रेडियो के जरिए विमान से संपर्क साधने की कई कोशिशें कीं, लेकिन सामने से कोई जवाब नहीं मिला।
दलदली इलाके में मिला मलबा, रेस्क्यू जारी
संपर्क टूटने के बाद शुरू हुई खोजबीन में पता चला कि विमान ओन्डो राज्य के इग्बोकोडा इलाके में क्रैश हुआ है। केयामो के मुताबिक, मलबे की पहचान कर ली गई है और बचाव दल मौके पर काम कर रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सैन्य विमानों का संचालन सीधे विमानन मंत्रालय और नागरिक विमानन प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इसके बावजूद उन्होंने वायु सेना प्रमुख एयर मार्शल संडे केल्विन अनेके से बात की है और रेस्क्यू अभियान में हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है।
राष्ट्रपति टीनुबू ने दिए जांच के आदेश
नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू ने इस दर्दनाक हादसे पर दुख जताते हुए घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। सोमवार को राष्ट्रपति के प्रवक्ता बायो ओनानुगा ने एक आधिकारिक बयान जारी किया। इसमें राष्ट्रपति ने सभी 32 लोगों की मौत की पुष्टि की। टीनुबू ने मारे गए यात्रियों, क्रू मेंबर्स के परिवारों और नाइजीरियाई वायु सेना के अधिकारियों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
प्रत्यक्षदर्शी ने क्या देखा?
यह हादसा दक्षिणी नाइजीरिया के ओन्डो राज्य के इलाजे इलाके में हुआ है। इग्बोकोडा इसी क्षेत्र का हिस्सा है, जहां बड़ी संख्या में जलमार्ग और दलदली जमीन मौजूद है।
हादसे वाली जगह से करीब एक किलोमीटर दूर रहने वाली 39 वर्षीय लकड़ी विक्रेता दयो अकिंटे ने बताया कि क्रैश के वक्त एक तेज आवाज सुनाई दी थी, जिसे उन्होंने पहले बादलों की गड़गड़ाहट समझा। पास के दलदली इलाके में मछली पकड़ रहे एक व्यक्ति ने सबसे पहले हादसे का मलबा देखा और नौसैनिक अड्डे व स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। अकिंटे के मुताबिक, हादसे की जानकारी मिलने के बाद राहत और बचाव कार्य के लिए कई विमान घटनास्थल के ऊपर से उड़ान भरते देखे गए।

