‘प्रेस रिलीज हटा दी गई’… आशुतोष रांका के दावे पर PIB का फैक्ट चेक

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और नए वोटर रजिस्ट्रेशन वाले ‘फॉर्म 6’ को लेकर चल रहे विवाद में एक नया मोड़ आ गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता आशुतोष रांका द्वारा चुनाव आयोग (ECI) की प्रेस रिलीज को लेकर किया गया दावा पीआईबी (PIB) फैक्ट चेक में गलत साबित हुआ है।
रांका का दावा फेल होने के बाद सीजेपी के ही एक अन्य नेता अभिजीत दीपके ने उन पर तंज कसा है। दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “प्लीज प्रेस रिलीज को जारी करें और आशुतोष रांका का मुंह बंद कर दें, बहुत बोलता है।”
क्या था आशुतोष रांका का दावा?
आशुतोष रांका ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया था कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का हालिया बयान चुनाव आयोग की 26 सितंबर की प्रेस रिलीज के बिल्कुल उलट है।
रांका ने अपनी पहली पोस्ट में लिखा था: “जरूरी बात। मुख्य चुनाव आयुक्त ने अभी कहा है कि बदले हुए ‘फॉर्म 6’ को सुप्रीम कोर्ट ने मंजूरी नहीं दी थी। यह 26 सितंबर को चुनाव आयोग की प्रेस रिलीज के बिल्कुल उलट है, जिसमें कहा गया था कि ‘फॉर्म 6’ के डिक्लेरेशन को सुप्रीम कोर्ट ने सही ठहराया था।”
उन्होंने आगे चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा था कि फॉर्म 6 का इस्तेमाल नए वोटरों के रजिस्ट्रेशन के लिए होता है, जिसमें सीईसी ने अपनी मर्जी से डिक्लेरेशन जोड़ दिया था। रांका ने यह भी दावा किया कि 26 सितंबर की प्रेस रिलीज अब चुनाव आयोग की वेबसाइट पर मौजूद नहीं है और पूछा कि क्या सीईसी ने जनता से आधिकारिक तौर पर झूठ बोला है?
रांका ने शेयर किया था वीडियो
अपने एक अन्य पोस्ट में आशुतोष रांका ने एक वीडियो शेयर करते हुए चुनाव आयोग पर निशाना साधा था। उन्होंने लिखा: “बहुत मजेदार। लगता है चुनाव आयोग ने 26 सितंबर की वो प्रेस रिलीज हटा दी है, जिसमें दावा किया गया था कि सुप्रीम कोर्ट ने फॉर्म 6 वाले आदेश को सही ठहराया है। ज्ञानेश, अब सब खत्म हो गया है भाई!”
PIB फैक्ट चेक ने रांका के दावे को बताया गलत
आशुतोष रांका के इस वायरल दावे पर भारत सरकार की एजेंसी पीआईबी (PIB Fact Check) ने संज्ञान लिया और इसे पूरी तरह गलत करार दिया।
पीआईबी फैक्ट चेक ने ‘एक्स’ पर स्पष्ट करते हुए पोस्ट किया: “26 सितंबर 2026 की प्रेस रिलीज पब्लिक डोमेन में उपलब्ध है और इसे भारत के चुनाव आयोग ने नहीं हटाया है।”
पीआईबी के बाद रांका का पलटवार
पीआईबी फैक्ट चेक द्वारा दावा खारिज किए जाने के बाद आशुतोष रांका ने फिर से पलटवार किया। उन्होंने पीआईबी के पोस्ट पर जवाब देते हुए सवाल किया, “वीडियो का कौन सा हिस्सा नकली है? क्या प्रेस रिलीज बताए गए लिंक पर उपलब्ध है?”
फिलहाल, पीआईबी के स्पष्टीकरण के बाद यह साफ हो गया है कि चुनाव आयोग की 26 सितंबर की प्रेस रिलीज हटाई नहीं गई है, लेकिन नेताओं के बीच इस मुद्दे पर जुबानी जंग जारी है।

