मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ पर लखनऊ में रेप की FIR

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के भाई और रणजी खिलाड़ी मोहम्मद कैफ के खिलाफ लखनऊ के आशियाना थाने में रेप का केस दर्ज किया गया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि कैफ ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ यौन संबंध बनाए और बाद में मुकर गए। इस मामले में कैफ के बड़े भाई मोहम्मद हसीब पर भी जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने कानूनी जांच शुरू कर दी है।
2020 में हुई थी मुलाकात, कोलकाता के होटल में बुलाया
शिकायत के मुताबिक, पीड़ित महिला साल 2020 में गाजियाबाद में रहती थी। एक कॉमन फ्रेंड के जरिए उसकी मुलाकात मोहम्मद कैफ से हुई थी। महिला का दावा है कि अगस्त 2023 में कैफ ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। महिला ने उसे स्पष्ट तौर पर बताया था कि वह पहले से तलाकशुदा है और उसका एक बेटा है, जिस पर कैफ ने कोई आपत्ति नहीं जताई।
महिला का आरोप है कि 9 सितंबर 2023 को कैफ ने उसे कोलकाता के एक होटल में बुलाया। शिकायत के अनुसार, यहीं शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए।
IPL ऑक्शन का दिया बहाना, छुड़वा दी नौकरी
महिला एयरलाइंस में केबिन क्रू के पद पर काम करती थी। दर्ज शिकायत में बताया गया है कि मोहम्मद कैफ को उसकी नौकरी पसंद नहीं थी। महिला का कहना है कि वह कैफ की बातों पर भरोसा करती रही और शादी की उम्मीद में उसने अपनी नौकरी छोड़ दी। आरोप है कि जब भी वह निकाह का दबाव बनाती, तो कैफ उसे टालते रहे। उन्होंने आईपीएल (IPL) ऑक्शन बीतने के बाद शादी करने की बात कहकर महिला को इंतजार करने के लिए कहा, लेकिन ऑक्शन के बाद उन्होंने दूरी बनानी शुरू कर दी।
अमरोहा में भाई हसीब पर बदसलूकी और धमकी का आरोप
जब महिला को लगा कि कैफ शादी के वादे से पीछे हट रहे हैं, तो उसने उनके परिवार से संपर्क किया। शिकायत के मुताबिक, 19 मई को बातचीत के सिलसिले में महिला को अमरोहा बुलाया गया। आरोप है कि वहां कैफ के बड़े भाई मोहम्मद हसीब ने महिला के साथ बदसलूकी की और उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद महिला वापस लखनऊ लौट आई।
सोशल मीडिया पर शिकायत वायरल होने के बाद एक्शन
महिला के अनुसार, उसने 31 अगस्त को ही आशियाना थाने में लिखित शिकायत दी थी। इसके बाद उसने डीसीपी से भी शिकायत की, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। रविवार को जब महिला की यह शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल हुई, तब पुलिस महकमे ने संज्ञान लिया।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आशियाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की ओर से आरोपों की जांच की जा रही है।
