जालंधर में दर्दनाक हादसा, हनी सिंह के भतीजे समेत दो युवकों की मौत

honny singh
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

मशहूर पंजाबी सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह के भतीजे विदित औलक की पंजाब के जालंधर में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। इस दुर्घटना में विदित के दोस्त आरव तलवार ने भी जान गंवा दी। हादसा पुलिस लाइंस इलाके के पास एक फ्लाईओवर पर हुआ, जब इनकी तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़ी नगर निगम की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई।

विदित औलक पंजाबी म्यूजिक कंपनी ‘स्पीड रिकॉर्ड्स’ के मालिक दिनेश औलक के बेटे थे। वहीं, आरव की पहचान पैपी स्वीट्स के मालिक के बेटे के तौर पर हुई है।

बर्थडे पार्टी से लौटते वक्त हुआ हादसा

मामले की जांच कर रही पुलिस टीम के मुताबिक, यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 3 बजे हुई। विदित और आरव किसी जानकार की बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे। उनकी वोक्सवैगन कार बीएमसी चौक से बीएसएफ चौक की तरफ जा रही थी। इसी दौरान फ्लाईओवर पर कार का संतुलन बिगड़ गया और वह लहराते हुए सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी।

पुलिस ने बताया कि उस वक्त नगर निगम के कर्मचारी फ्लाईओवर की सफाई कर रहे थे और उन्होंने कचरा इकट्ठा करने के लिए ट्रॉली वहां खड़ी की हुई थी। इस भीषण टक्कर में विदित की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के वक्त कार में सिर्फ दो लोग थे सवार

स्थानीय SHO ने जानकारी दी कि दुर्घटना से कुछ देर पहले तक कार में कुल 5 लोग सवार थे। हादसे के वक्त कार में केवल विदित और आरव मौजूद थे, जबकि बाकी तीन लोग पहले ही रास्ते में उतर चुके थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लिया। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को किसी भी तरह की आगे की कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिए गए।

हनी सिंह ने इंस्टाग्राम पर लिखा- ‘ये दुखों से भरा दशक’

भतीजे के निधन की खबर से हनी सिंह गहरे सदमे में हैं। उन्होंने रविवार को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपना दुख साझा किया। सिंगर ने अपनी पोस्ट में लिखा, “ये मेरे लिए दुखों से भरा दशक है। मैंने अपने भतीजे को खो दिया। यह खबर तोड़ने वाली है। भोलेनाथ महर महर महर।”