रामलीला मैदान में विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, राहुल-अखिलेश-ममता एक साथ

rahul
शकील अहमद सैफी
शकील अहमद सैफी

दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और ‘वोट चोरी’ (SIR) के मुद्दे पर INDIA गठबंधन की महारैली चल रही है। मल्लिकार्जुन खरगे के आवास से मिंटो ब्रिज तक पहुंचने के बाद, सभी प्रमुख विपक्षी नेता खुली बस में सवार होकर रामलीला मैदान पहुंच चुके हैं। मैदान खचाखच भरा हुआ है और विपक्ष ने दावा किया है कि इस रैली में 1 लाख से अधिक लोग शामिल हो रहे हैं, जबकि दिल्ली पुलिस सूत्रों का अनुमान 35 से 40 हजार के बीच है।

यहां पढ़ें रैली से जुड़े अब तक के सभी बड़े अपडेट्स (Live Updates):

02:57 PM – रामलीला मैदान पहुंचे राहुल गांधी, अखिलेश और ममता राहुल गांधी, अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव सहित अन्य नेताओं का काफिला रामलीला मैदान पहुंच गया है। अब ये नेता मंच से लोगों को संबोधित करेंगे।

02:50 PM – भाजपा ने निकाला विरोध मार्च, 1984 के दंगों की याद दिलाई INDIA गठबंधन की इस रैली के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी पदयात्रा निकाली है। इसमें दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, “सिख समुदाय उन लोगों से सवाल कर रहा है जो अपनी जेब में संविधान रखते हैं। क्या 1984 में जो हुआ, वह लोकतंत्र पर हमला नहीं था? क्या गांधी परिवार ने ही बार-बार लोकतंत्र को कमजोर नहीं किया?”

02:44 PM – कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई का बयान कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने इसे ‘ऐतिहासिक आंदोलन’ करार दिया। उन्होंने कहा, “अब पूरा देश एकजुट हो गया है… ऐसा लगता है कि भाजपा अब इस राष्ट्रीय एकता और लोगों के इस आंदोलन से डरी हुई है।”

02:40 PM – शाहनवाज हुसैन बोले- रैली पूरी तरह फ्लॉप भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने INDIA ब्लॉक की रैली को फ्लॉप बताते हुए कहा, “जनता सब जानती है कि ये लोग संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ हैं। जब ये जीतते हैं तो सब अच्छा होता है, हार जाते हैं तो सारा ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ देते हैं।”

02:38 PM – शशि थरूर: ‘CEC से भरोसा उठ गया है’ रैली में शामिल कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, “लोगों का मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से भरोसा उठ गया है… हम नहीं चाहते कि यह व्यक्ति एक पक्षपाती अंपायर की तरह काम करे, जो मतदाता सूची से 13 करोड़ नाम हटाकर भारत के राजनीतिक भविष्य को तय करने की कोशिश कर रहा है।”

02:28 PM – कांग्रेस की रेणुका चौधरी का भाजपा पर पलटवार कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने भाजपा के विरोध पर तंज कसते हुए कहा, “ये सब इनके ड्रामा हैं। 12 साल तक सत्ता में रहने के दौरान आपने सिखों के लिए क्या किया? अब व्यापारियों की चिंता जता रहे हैं, तो फिर यहां रैली की अनुमति क्यों दी गई?”

01:48 PM – राहुल गांधी का आरोप: ‘बीजेपी ने जबरन दुकानें बंद करवाईं’ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ‘एक्स’ (X) पर एक वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी ने जबरन दिल्ली की दुकानें बंद करवा दी हैं। उन्होंने लिखा, “हमने सबसे कहा था कि जब आप यहां आएं तो कुछ खरीदारी जरूर करें। लेकिन जब हम कनॉट प्लेस पहुंचे, तो पता चला कि बीजेपी ने जबरदस्ती सारी दुकानें बंद करवा दी हैं।”

01:47 PM – रामलीला मैदान खचाखच भरा रामलीला मैदान में लोगों की भारी भीड़ जुटी है। वीडियो फुटेज में मैदान खचाखच भरा हुआ नजर आ रहा है।

12:58 PM – मिंटो ब्रिज से शुरू हुआ था मार्च इससे पहले, राहुल गांधी समेत तमाम विपक्षी नेता एक खुली बस पर सवार होकर मिंटो ब्रिज से रामलीला मैदान के लिए रवाना हुए थे। राहुल गांधी ड्राइवर के बगल में सबसे आगे बैठे नजर आए।