विपक्ष सड़कों पर, BJP ने यूपी में कसी कमर; मोदी-शाह करेंगे 40 रैलियां

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। मतदाता सूची से नाम काटे जाने (वोट कटने) के आरोपों को लेकर जहां विपक्ष सड़कों पर है, वहीं सत्ताधारी भाजपा ने बूथ स्तर तक संगठन को कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को यूपी भाजपा कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से ‘अर्जुन की तरह’ सत्ता वापसी का लक्ष्य तय करने को कहा। कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार ‘अंगद का पैर’ है, जिसे कोई उखाड़ नहीं सकता।
कार्यसमिति के ठीक अगले दिन, शनिवार को हुई संगठन की बैठक में सीधे बूथ लेवल तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया। पार्टी अब शीर्ष नेताओं की रैलियों और जमीनी संगठन विस्तार के जरिए माहौल बनाने में जुट गई है।
अमित शाह और पीएम मोदी की 40 रैलियों का खाका
भाजपा सूत्रों के अनुसार, चुनाव प्रचार के लिए पार्टी ने व्यापक खाका तैयार किया है। पूरे राज्य में गृह मंत्री अमित शाह 18 बड़ी रैलियां करने वाले हैं। यूपी में कुल 18 मंडल हैं और तय रणनीति के मुताबिक हर मंडल में शाह की एक जनसभा होगी। इन रैलियों में मंडल के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से भीड़ जुटाई जाएगी।
अमित शाह के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसी तर्ज पर यूपी में करीब 20 रैलियां करेंगे। दोनों शीर्ष नेताओं की कुल 40 रैलियों के जरिए प्रदेश के हर हिस्से को कवर किया जाएगा। स्थानों का चयन इस तरह किया जा रहा है कि एक ही समय में बड़े भौगोलिक क्षेत्र को साधा जा सके। उदाहरण के तौर पर, यदि मेरठ मंडल में अमित शाह की जनसभा होती है, तो उसी दौरान गाजियाबाद में पीएम मोदी की रैली आयोजित की जा सकती है।
6 क्षेत्रों में बांटा गया संगठन, बांटे गए पद
भाजपा ने अपने चुनाव प्रबंधन के लिए उत्तर प्रदेश को 6 संगठनात्मक क्षेत्रों में विभाजित किया है। पार्टी की कोशिश है कि प्रत्येक क्षेत्र में पीएम मोदी और अमित शाह की कम से कम तीन-तीन रैलियां जरूर हों।
भीड़ जुटाने और जमीनी स्तर पर चुनावी मशीनरी को सक्रिय करने के लिए कार्यकर्ताओं को संगठन में बड़ी हिस्सेदारी दी जा रही है। हाल ही में पार्टी ने 20 प्रकोष्ठों का ऐलान किया है, जिसमें बड़ी संख्या में नेताओं को जगह मिली है। इसके अलावा प्रदेश कार्यसमिति में भी सैकड़ों लोगों को शामिल कर कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया गया है। 2014 के चुनावों की तर्ज पर हर कार्यकर्ता को बूथ लेवल की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
7 नवंबर को अयोध्या दीपोत्सव में शामिल होंगे शाह
दिवाली के मौके पर 7 नवंबर को अयोध्या में होने वाले भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम में अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में उनका संबोधन भी प्रस्तावित है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम संपन्न होने के बाद शाह का अन्य मंडलों में रैलियों का सघन अभियान शुरू हो जाएगा।

