गुवाहाटी मर्डर केस: पति ने पत्नी की हत्या कर फ्रिज में रखा सिर

crime
Lee Chang (North East Expert)
Lee Chang (North East Expert)

असम की राजधानी गुवाहाटी से एक खौफनाक वारदात सामने आई है, यहां हाटीगांव थाना क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में 30 वर्षीय रामानुज गोस्वामी ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी रिया तालुकदार की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव के टुकड़े किए और सिर को काटकर फ्रिज में छिपा दिया। मामले का खुलासा होने के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है।

फ्लैट से बदबू आने पर पड़ोसियों ने दी सूचना

रामानुज और रिया की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी और दोनों हाटीगांव इलाके के एक फ्लैट में रह रहे थे। पड़ोसियों के मुताबिक, पिछले दो दिनों से यह कपल किसी को नजर नहीं आया था और दोनों के मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहे थे। इसी बीच फ्लैट के अंदर से तेज बदबू आने लगी। अनहोनी की आशंका के चलते स्थानीय निवासियों ने तुरंत हाटीगांव पुलिस स्टेशन को इसकी सूचना दी।

दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी पुलिस, फ्रिज में मिला सिर

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। फर्श पर रिया तालुकदार का शव पड़ा था, जो सड़ना शुरू हो चुका था। मृतका की उंगलियां आधी कटी हुई थीं और धड़ से सिर पूरी तरह गायब था।

पुलिस ने जब घर की तलाशी ली, तो फ्रिज के अंदर रखे एक पॉलिथीन बैग में महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ। पुलिस ने शव और सिर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर (मॉर्चरी) भेज दिया है।

आरोपी पति ने किया सरेंडर, मकसद का खुलासा नहीं

इस सनसनीखेज खुलासे के तुरंत बाद, फरार चल रहे आरोपी पति रामानुज गोस्वामी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि शादी के कुछ महीनों बाद ही इस हत्या के पीछे का मुख्य मकसद क्या था। इसके साथ ही पुलिस घटनाक्रम को समझने और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।