TMC : ममता गुट को मिला ‘फुटबॉल खिलाड़ी’, ऋतब्रत गुट को ‘लिफाफा’

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नाम और चुनाव चिन्ह को लेकर छिड़े सियासी घमासान में भारत निर्वाचन आयोग (ECI) का बड़ा फैसला आ गया है। चुनाव आयोग ने दोनों गुटों की अलग-अलग पहचान तय करते हुए उन्हें नए नाम और चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए हैं:
-
ममता बनर्जी गुट: ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट को अब ‘Mamata All India Trinamool Congress’ नाम दिया गया है और इसका चुनाव चिन्ह ‘Football Player’ (फुटबॉल खिलाड़ी) तय किया गया है।
-
ऋतब्रत बनर्जी गुट: अरूप रॉय के नेतृत्व वाले ऋतब्रत बनर्जी गुट को ‘Democratic Trinamool Congress’ का नाम मिला है और इन्हें ‘Envelope’ (लिफाफा) चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है।
आयोग के आदेश के अनुसार, दोनों गुटों को पश्चिम बंगाल, मेघालय और त्रिपुरा में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के तौर पर माना जाएगा।
आयोग ने क्यों लागू की यह अंतरिम व्यवस्था?
चुनाव आयोग ने अपने विस्तृत आदेश में स्पष्ट किया कि यदि यह अंतरिम व्यवस्था तुरंत प्रभाव से लागू नहीं की जाती, तो एक ही पार्टी के नाम और सिंबल पर चुनाव लड़ रहे दोनों गुटों के उम्मीदवारों के नामांकन रद्द होने का गंभीर संकट पैदा हो जाता। चुनावी प्रक्रिया में बाधा न आए, निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हों और उम्मीदवारों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की जा सके, इसलिए दोनों पक्षों को अलग-अलग नाम और चुनाव चिन्ह दिए गए हैं।
क्या था पूरा विवाद?
यह फैसला चुनाव आयोग के 17 सितंबर के उस अंतरिम आदेश के बाद आया है, जिसमें दोनों ही पक्षों पर मूल नाम ‘All India Trinamool Congress’ और पार्टी के पारंपरिक चुनाव चिन्ह ‘Flowers & Grass’ (दो फूल और घास) के इस्तेमाल पर अंतरिम रोक लगा दी गई थी। इसके बाद आयोग ने दोनों गुटों के लिए यह नया फॉर्मूला तैयार किया।
पहले से दाखिल नामांकनों पर भी स्थिति साफ
आयोग ने उन सीटों पर भी स्थिति स्पष्ट कर दी है जहां नामांकन पहले ही दाखिल किए जा चुके हैं, जैसे:
-
रेजीनगर विधानसभा सीट
-
नंदीग्राम विधानसभा सीट
-
असम की नगांव लोकसभा सीट
नियम क्या होगा:
-
जिन उम्मीदवारों ने अरूप रॉय/ऋतब्रत बनर्जी गुट के Form-B के आधार पर पर्चा भरा है, उन्हें अब ‘Democratic Trinamool Congress’ का प्रत्याशी माना जाएगा और उनका सिंबल ‘Envelope’ होगा।
-
जिन उम्मीदवारों ने ममता बनर्जी गुट के Form-B के तहत नामांकन किया है, वे ‘Mamata All India Trinamool Congress’ के बैनर तले ‘Football Player’ सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे।
हालांकि, आयोग ने यह भी साफ कर दिया है कि उम्मीदवारों के नामांकन से संबंधित अन्य सभी तकनीकी और कानूनी शर्तों की जांच संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर (RO) द्वारा ही की जाएगी।
