जेब पर हल्का, परिवार के साथ मस्ती भरपूर! दुबई के इन पार्कों में फ्री एंट्री

dubai
अजमल शाह
अजमल शाह

मौसम में ठंडक घुलने के साथ ही दुबई में एक बार फिर ‘पार्क सीजन’ शुरू हो गया है। परिवारों के लिए वीकेंड और शाम बिताने के लिए शहर के हर हिस्से में आउटडोर स्पेस मौजूद हैं। इनमें बड़े म्युनिसिपल पार्कों से लेकर मोहल्लों के तालाब वाले (पॉन्ड) पार्क शामिल हैं। इनमें से ज्यादातर पार्कों की एंट्री फीस 5 दिरहम (Dh5) या उससे भी कम है, जबकि कई पार्कों में प्रवेश पूरी तरह फ्री है।

दुबई के बड़े सार्वजनिक पार्कों का संचालन दुबई नगर पालिका (Dubai Municipality) करती है। इनमें से ज्यादातर सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक खुले रहते हैं और वीकेंड पर इनकी टाइमिंग बढ़ा दी जाती है। दो साल तक के बच्चों और ‘पीपल ऑफ डिटरमिनेशन’ (दिव्यांगों) के लिए प्रवेश मुफ्त है। कई पार्कों के गेट पर केवल Nol कार्ड से पेमेंट ली जाती है, इसलिए इसे साथ रखना सुविधाजनक रहता है।

बर दुबई और ज़बील क्षेत्र (Bur Dubai & Zabeel)

  • ज़बील पार्क (Zabeel Park): यह शहर के सबसे मशहूर पिकनिक स्पॉट में से एक है। यहां बच्चों के खेलने के लिए बड़े मैदान और प्लेग्राउंड हैं। मशहूर ‘दुबई फ्रेम’ भी इसी पार्क में है (जिसका टिकट अलग से लेना होता है)। इसकी एंट्री फीस 5 दिरहम प्रति व्यक्ति है और यह शेख जायद रोड के पास स्थित है।

  • क्रीक पार्क (Creek Park): दुबई क्रीक के किनारे बसे इस पार्क में हरियाली के साथ पानी का शानदार नजारा मिलता है। चिल्ड्रन सिटी और दुबई डॉल्फिनेरियम इसी के अंदर हैं, जिनके लिए अलग से टिकट लगता है। यहां भी एंट्री फीस 5 दिरहम है।

देरा, अल ममज़ार और अल कुसैस (Deira, Al Mamzar & Al Qusais)

  • अल ममज़ार बीच पार्क (Al Mamzar Beach Park): 106 हेक्टेयर में फैले इस पार्क में रेतीले समुद्र तट, लॉन और प्लेग्राउंड हैं। यहां स्विमिंग पूल भी हैं, जिनका चार्ज वयस्कों के लिए 10 दिरहम और बच्चों के लिए 5 दिरहम है। पार्क की एंट्री फीस 5 दिरहम प्रति व्यक्ति या 30 दिरहम प्रति कार है।

  • अल नाहदा और अल कुसैस पॉन्ड पार्क: अल नाहदा 2 में स्थित पॉन्ड पार्क में जॉगिंग, साइकिलिंग ट्रैक और आउटडोर फिटनेस उपकरण हैं। अल कुसैस का पॉन्ड पार्क भी शांति से समय बिताने के लिए बेहतर जगह है। इन दोनों पार्कों में प्रवेश पूरी तरह फ्री है।

मिर्डिफ और अल खवानीज (Mirdif & Al Khawaneej)

  • मुशरिफ नेशनल पार्क (Mushrif National Park): पेड़ों और रेतीले पिकनिक स्पॉट के लिए मशहूर इस पार्क में 2 दिरहम देकर ट्रेन राइड का मजा लिया जा सकता है। एडवेंचर और जिपलाइन पार्क (Aventura Parks) भी यहीं है। प्रवेश शुल्क 3 दिरहम प्रति व्यक्ति या 10 दिरहम प्रति कार है। गेट पर Nol कार्ड से पेमेंट होती है।

  • कुरानिक पार्क (Quranic Park): अल खवानीज स्थित इस पार्क के गार्डन, झील और प्ले एरिया में घूमना मुफ्त है। हालांकि अंदर मौजूद ‘केव ऑफ मिरेकल्स’ और ‘ग्लास हाउस’ के लिए अलग से छोटी फीस चुकानी पड़ती है।

जुमेराह, अल वासल और अल बरशा (Jumeirah, Al Wasl & Al Barsha)

  • सफा पार्क (Safa Park): दुबई वॉटर कैनाल के पास स्थित यह दुबई के सबसे पुराने पार्कों में से एक है। यहां ओपन लॉन और ट्रेन राइड की सुविधा है। महिलाओं के लिए एक अलग घेरे वाला हिस्सा भी है। इसकी एंट्री फीस 3 दिरहम है।

  • अल सूफौह और अल बरशा पॉन्ड पार्क: अल सूफौह एक छोटा और शांत पड़ोस का पार्क है जहां प्रवेश मुफ्त है। वहीं, 20 हेक्टेयर में फैले अल बरशा पॉन्ड पार्क में साइकिलिंग पथ, स्पोर्ट्स कोर्ट और आउटडोर जिम हैं। यहां बारबेक्यू की अनुमति नहीं है और प्रवेश फ्री है।

पाम जुमेराह, जेएलटी और नई दुबई (Palm Jumeirah, JLT & Dubailand)

  • अल इत्तिहाद पार्क (Al Ittihad Park): पाम मोनोरेल के नीचे बना यह पार्क 24 घंटे खुला रहता है। यह दुबई के उन गिने-चुने सार्वजनिक पार्कों में से एक है जहां कुत्तों को साथ ले जाने की अनुमति है।

  • जेएलटी पार्क (JLT Park): जुमेराह लेक्स टावर्स के पीछे स्थित इस कम्युनिटी पार्क में बच्चों और टॉडलर्स के लिए अलग-अलग जोन हैं। यहां भी एंट्री फ्री है।

  • दुबई हिल्स और टाउन स्क्वायर पार्क: दुबई हिल्स एस्टेट और डबैलैंड के टाउन स्क्वायर स्थित इन दोनों बड़े पार्कों में प्रवेश मुफ्त है। हालांकि, अंदर मौजूद स्प्लैश पैड, स्केट पार्क या फैमिली ट्रेन जैसे अट्रैक्शन के लिए अलग से फीस देनी होती है। दुबई हिल्स में सभी राइड्स के लिए निवासियों का डे-पास 55 दिरहम और गैर-निवासियों के लिए 85 दिरहम का है।