चोरी हुई 2.4 मिलियन यूरो की बुगाटी, सीईओ ने की फिल्मी चेज और फिर…

सुपरकार बनाने वाली मशहूर कंपनी बुगाटी (Bugatti) के सीईओ मेट रिमैक (Mate Rimac) के साथ एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। क्रोएशिया में उनकी करोड़ों रुपए की लग्जरी कार बुगाटी चिरॉन (Bugatti Chiron) चोरी हो गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि सीईओ ने खुद अपनी पोर्श (Porsche) कार से चोर का पीछा किया और पुलिस की मदद से गाड़ी को ऑस्ट्रिया से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
कार के अंदर ही छोड़ी थी चाबी
38 वर्षीय सीईओ मेट रिमैक ने इंस्टाग्राम पर इस पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी यह मल्टी-मिलियन-डॉलर कार (बेस प्राइस 2.4 मिलियन यूरो यानी करीब 2.7 मिलियन डॉलर) बुधवार को Zagreb के पास कंपनी के प्रोडक्शन और टेक्नोलॉजी कैंपस से चोरी हुई थी।
रिमैक ने लापरवाही स्वीकार करते हुए कहा, “मुझे यह कार वापस मिल गई है। क्रोएशिया इतना सुरक्षित है कि मैं बहुत तनावमुक्त रहता हूं और हमेशा अपनी कारों (चिरॉन और नेवेरा सहित) के अंदर ही चाबी छोड़ देता था। मैं सालों से ऐसा कर रहा था और कभी कुछ नहीं हुआ, जब तक कि अब यह घटना हो गई। इसलिए अब मैं ऐसा कभी नहीं करूंगा और कोई भी अपनी किस्मत आजमाने की कोशिश न करे।”
टेलीमेट्री सिस्टम से की लोकेशन ट्रैक, पोर्श से किया पीछा
चोरी का खुलासा तब हुआ जब किसी ने कर्मचारियों को चेतावनी दी कि एक अनजान शख्स चिरॉन लेकर भाग गया है। इसके बाद रिमैक ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और कार के टेलीमेट्री सिस्टम (Telemetry System) का इस्तेमाल करके उसकी लाइव लोकेशन ट्रैक की, जो स्लोवेनिया की तरफ बढ़ रही थी।
इसके बाद रिमैक ने अपनी पोर्श 911 (Porsche 911) निकाली और चोर के पीछे हॉट पर्सुइट (Hot pursuit) में निकल पड़े। इस दौरान लगातार मिल रहे लोकेशन अपडेट्स को पुलिस के साथ एक ग्रुप चैट पर शेयर किया जा रहा था, जिसकी मदद से ऑस्ट्रियाई अधिकारियों ने संदिग्ध को ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया।
चोर ने कहा- नौकरी की तलाश में आया था
पकड़ा गया संदिग्ध क्रोएशिया का ही रहने वाला 30-40 साल के बीच का एक शख्स है। रिमैक ने ऑस्ट्रिया के एक पुलिस स्टेशन में उस चोर से मुलाकात भी की। चोर ने सफाई देते हुए बताया कि वह कंपनी में नौकरी की तलाश में आया था और चाबी अंदर रखी देखने के बाद उसने गाड़ी भगाने का फैसला किया।
हालांकि रिमैक की तरफ से कोई निजी शिकायत दर्ज नहीं कराने के बावजूद, कार की अत्यधिक कीमत होने के कारण उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रिमैक ने कहा, “सिर्फ यह बात कि उसने एक बुगाटी और वो भी यही वाली चुराई, मुझे बताती है कि इस शख्स को मानसिक समस्याएं हैं।”
इस घटना में कार को कुछ नुकसान जरूर पहुंचा है, जिसे कंपनी की तरफ से ठीक करवा लिया जाएगा। गौरतलब है कि बुगाटी वर्तमान में ‘बुगाटी रिमैक’ (Bugatti Rimac) का हिस्सा है, जिसमें क्रोएशिया के रिमैक ग्रुप की 55 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

