पीएम मोदी के जन्मदिन पर वाराणसी में सीएम योगी के लिए क्या बोले चिराग ?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए दिया गया बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
चिराग ने CM योगी को लेकर क्या कहा?
कार्यक्रम में यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी के बाद चिराग पासवान ने जनता को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। चिराग ने कहा, “हम सबके लोकप्रिय सीएम योगी आदित्यनाथ, जिनके साथ सदन में मुझे समय बिताने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। जाने-अनजाने उन्होंने मुझे कितना कुछ सिखाया है, शायद यह बात उनको भी नहीं पता होगी।”
राजनाथ सिंह और नायडू को बताया पितातुल्य व अभिभावक
अपने भाषण की शुरुआत में चिराग पासवान ने मंच पर मौजूद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू का विशेष जिक्र किया।
-
राजनाथ सिंह के लिए: चिराग ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उनके लिए पितातुल्य हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “मेरे पिता रामविलास पासवान के निधन के बाद राजनाथ सिंह जी ने मुझे बिल्कुल उन्हीं की छवि में आशीर्वाद दिया है।”
-
चंद्रबाबू नायडू के लिए: चिराग ने नायडू को अपने पिता का करीबी मित्र, अपना बड़ा भाई और अभिभावक बताया।
चिराग ने कहा कि आज का दिन उनके लिए इसलिए भी बेहद खास है, क्योंकि उनके पिता के दो ऐसे करीबी मित्र आज इस मंच पर मौजूद हैं, जो सुख-दुख की हर घड़ी में उनके परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़े रहे हैं।
CM योगी ने की पीएम मोदी के 25 साल के सफर की तारीफ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर और 25 साल के शासनकाल (मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक) की जमकर तारीफ की।
सीएम योगी ने कहा, “7 अक्टूबर 2001 को जब मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब से लेकर आज तक वे बिना रुके, बिना झुके और बिना डिगे ‘चरैवेति-चरैवेति’ के मंत्र के साथ आगे बढ़े हैं।” सीएम ने आगे कहा कि आज मोदी जी के तप, परिश्रम और साधना से भारत एक नए रूप में उभर रहा है। यह एक ऐसा ‘नया भारत’ है, जिस पर हम सभी को गर्व है और जो आज पूरी दुनिया से आंख में आंख डालकर बात करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
