दिवाली पर बच्चों का दर्द सुन सन्न रह गईं DM की पत्नी, जांच में खुलासा

उत्तर प्रदेश के बागपत में दीपावली के मौके पर एक बाल संरक्षण गृह (बालगृह) की खौफनाक हकीकत उस वक्त सामने आई, जब खुद जिलाधिकारी (डीएम) दिव्यांशु पटेल की पत्नी स्वाति सहगल वहां पहुंचीं। बच्चों को मिठाई बांटने गईं स्वाति के सामने बच्चों ने मारपीट, धमकी और उत्पीड़न का जो दर्द बयां किया, उसने पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया। डीएम के सख्त निर्देश के बाद बालगृह की केयरटेकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
‘दीदी हमें मिठाई नहीं खाने देतीं’
दीपावली के दिन स्वाति सहगल अपनी बेटी और सास के साथ सरूरपुर कलां गांव स्थित ‘क्षितिज बाल एवं शिशु गृह’ पहुंची थीं। उन्होंने बच्चों को गोद में दुलारा और उन्हें मिठाई व उपहार बांटे। इसी दौरान जब वह बच्चों से बात कर रही थीं, तब एक मासूम का दर्द छलक उठा। बच्चे ने बड़ी मासूमियत से कहा, “दीदी हमें मिठाई नहीं खाने देतीं, ये खुद खा लेती हैं।”
यह सुनकर स्वाति सहगल हैरान रह गईं। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग बच्चों से एकांत में बात की। बच्चों ने बताया कि उनके साथ मारपीट की जाती है और सामान मांगने पर उन्हें धमकाया जाता है। एक बच्चे ने यहां तक कहा कि “आपके जाने के बाद ये सारे गिफ्ट और मिठाइयां छीनकर अपने घर ले जाएंगी।”
डीएम ने दिए जांच के आदेश, केयरटेकर पर FIR
बालगृह से लौटने के बाद स्वाति सहगल ने पूरी घटना डीएम दिव्यांशु पटेल को बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने तुरंत जिला प्रोबेशन अधिकारी राहुल वर्मा को जांच के सख्त निर्देश दिए।
10 नवंबर को प्रोबेशन अधिकारी ने बालगृह का औचक निरीक्षण किया और बच्चों के बयान दर्ज किए। जांच में बच्चों की शिकायतों की पुष्टि होने के बाद, चाइल्ड हेल्पलाइन की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर वंदना गुप्ता की तहरीर पर बागपत कोतवाली पुलिस ने केयरटेकर अंकिता के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नाली और झाड़ियों में मिली थीं बच्चियां
जानकारी के अनुसार, दिल्ली-सहारनपुर हाईवे किनारे स्थित धर्मशाला में ‘घरौंदा वेलफेयर सोसायटी’ द्वारा संचालित इस बालगृह में छह माह से लेकर सात साल तक के पांच बच्चे रह रहे हैं। 15 अगस्त 2026 से यहां बच्चों की देखभाल की जा रही है।
इस बालगृह में रह रही दो बच्चियों की कहानी बेहद मार्मिक है। इनमें से एक बच्ची जन्म के तुरंत बाद नाली में पड़ी मिली थी, जबकि दूसरी बच्ची रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों से बरामद हुई थी। अस्पताल में इलाज के बाद उन्हें इस आश्रय में सुरक्षित रखा गया था, लेकिन यहां भी उनके साथ दुर्व्यवहार की बात सामने आने से संरक्षण गृहों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

