PM ने दिखाई हरी झंडी, DK शिवकुमार के साथ पिंक लाइन में किया सफर

modi
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु पहुंचे। यहां उन्होंने शहर की बहुप्रतीक्षित विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। पीएम मोदी ने 3,470 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई बेंगलुरु मेट्रो की ‘पिंक लाइन’ के एक अहम हिस्से का उद्घाटन किया। इसके अलावा, उन्होंने 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी और उनका उद्घाटन किया।

कलेना अग्रहारा से तावरेकेरे तक की पिंक लाइन शुरू

प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन के कलेना अग्रहारा से तावरेकेरे तक के हिस्से को हरी झंडी दिखाई। उद्घाटन के बाद उन्होंने मेट्रो में सफर भी किया। इस दौरान पीएम मोदी ने बाकायदा टिकट खरीदा। मेट्रो के इस सफर में उनके साथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में राज्य की राज्यपाल सुधा यादव, सांसद तेजस्वी सूर्या और राज्य सरकार के मंत्री के. बी. गौड़ा भी उपस्थित थे।

अमृत भारत स्टेशन योजना और अन्य परियोजनाएं

मेट्रो के अलावा पीएम मोदी ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत पुनर्विकसित किए गए चार रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे। वे शहर में कुल 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने और उद्घाटन करने के साथ-साथ वहां मौजूद जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।

‘योग अब भारत को समझने का माध्यम बन गया है’

मेट्रो उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री ने स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के आवासीय मुख्यालय ‘प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित किया। योग के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि योग अब पूरी दुनिया में भारत को समझने का एक माध्यम बन गया है।

उन्होंने बताया कि कई शाही परिवार पूरी तरह से योग के प्रति समर्पित हैं। पीएम मोदी ने कहा, “मैं जिस भी देश में जाता हूं, वहां लोग दोपहर या रात के भोजन के दौरान मुझसे योग के बारे में चर्चा जरूर करते हैं।” उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत की पहल के कारण ही आज पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाती है।

कर्नाटक की भूमि और योग का रिश्ता

कर्नाटक और योग के ऐतिहासिक संबंध को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह वह भूमि है जहां योग से जुड़े कई महान गुरुओं और विद्वानों ने जन्म लिया है। उन्होंने कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज कलाकार डॉ. राजकुमार का भी जिक्र किया और बताया कि वे भी नियमित रूप से योगाभ्यास करते थे।

समारोह के दौरान, पीएम मोदी ने डिजिटल माध्यम से ‘गोल्डन जुबली एडमिन ब्लॉक’ की आधारशिला भी रखी। साथ ही, उन्होंने केरल के तिरुवनंतपुरम में एस-व्यास (S-VYASA) के एक नए ऑफ-कैंपस केंद्र की भी विधिवत शुरुआत की।