‘दुर्गा पूजा-कांवड़ यात्रा ढोंग है’, सपा सांसद के बयान पर BJP का हमला

समाजवादी पार्टी (SP) के एक सांसद के विवादित बयान ने उत्तर प्रदेश की सियासत में भूचाल ला दिया है। सपा सांसद एसपी सिंह ने हिंदू धार्मिक आयोजनों पर निशाना साधते हुए ‘दुर्गा पूजा’ और ‘कांवड़ यात्रा’ को ढोंग करार दिया और इन्हें तुरंत बंद करने की मांग की है।
सांसद के इस बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
बीजेपी का पलटवार: 1990 से 2026 तक हिंदुओं का अपमान
सपा सांसद के इस बयान पर पलटवार करते हुए यूपी बीजेपी के प्रवक्ता प्रियांक पांडे ने समाजवादी पार्टी के इतिहास पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, “1990 में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी से लेकर 2026 की बयानबाजी तक, समाजवादी पार्टी के सामने हिंदू आस्था और राजनीति के रिश्ते के सवाल बार-बार क्यों खड़े होते हैं?”
प्रियांक पांडे ने मुलायम सिंह सरकार के दौरान कारसेवकों पर चली गोलियों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्षों बाद भी सपा नेता उस फैसले को उचित ठहराते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, “एक तरफ अखिलेश यादव रामलला के दर्शन की बात करते हैं और दूसरी तरफ उनके नेता सनातन धर्म के आयोजनों को लेकर ऊलजलूल बयानबाजी करते हैं।”
‘जानबूझकर सनातन को अपमानित करने का टास्क’
बीजेपी के एक अन्य प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने भी सपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने हिंदू देवी-देवताओं, धर्मग्रंथों, और साधु-संतों का अपमान करने को अपना ‘अभ्यास’ बना लिया है।
राकेश त्रिपाठी ने कहा, “हमारे व्रत-त्योहारों को लेकर जानबूझकर अफवाहें फैलाई जाती हैं और भ्रम फैलाकर अपमान किया जाता है। यह कोई पहली बार नहीं हुआ है। सिलसिलेवार तरीके से बारंबार समाजवादी पार्टी के नेताओं को यह टास्क दिया गया है कि वे सनातन को अपमानित करें और मजहबी गोलबंदी (ध्रुवीकरण) करें।”
त्रिपाठी ने आगे कहा कि अखिलेश यादव एक तरफ मंदिर जाने का दिखावा कर रहे हैं, जबकि उनके नेता रोज सनातन का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि समाजवादी पार्टी को इसका भारी खामियाजा आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा।

