सैम पित्रोदा ने की मोदी की तारीफ, PM बोले- ‘सैम भाई दिवाली मुबारक’

इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा, जो अक्सर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीखी आलोचनाओं के लिए सुर्खियों में रहते हैं, ने इस बार उनकी जमकर तारीफ की है। पित्रोदा ने पीएम मोदी को अपना एक अच्छा ‘गुजराती दोस्त’ बताया और एक इंसान के तौर पर उनके प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया। उनके इस बयान पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी आत्मीयता से जवाब दिया है।
‘पीएम मोदी के साथ कोई निजी मतभेद नहीं’
न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए सैम पित्रोदा ने कहा, “वे मेरे एक गुजराती दोस्त हैं। एक इंसान के तौर पर मैं उनका सम्मान करता हूं। मेरी पत्नी और मैं उनसे मिल चुके हैं। व्यक्तिगत स्तर पर वे बहुत ही स्नेहपूर्ण, दयालु, प्यार करने वाले और ख्याल रखने वाले इंसान हैं।”
पित्रोदा ने प्रधानमंत्री की कार्यशैली की भी प्रशंसा करते हुए कहा, “बेशक, वे एक अच्छे वक्ता हैं और बहुत मेहनती हैं। हमारी आपस में खूब बनती है और हमारे बीच कोई निजी मतभेद नहीं हैं।”
‘मुझे मिस्टर मोदी से कोई शिकायत नहीं’
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए सैम पित्रोदा ने कहा, “एक गुजराती नेता, दोस्त या शुभचिंतक के रूप में, मुझे मिस्टर मोदी से कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने मेरे प्रति बहुत स्नेह दिखाया है, और मैं इसकी कद्र करता हूं। मैं गुजरात में उनके घर भी कई बार जा चुका हूं।”
पीएम मोदी ने ‘सैम भाई’ कहकर दिया जवाब
सैम पित्रोदा की इस तारीफ का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेहद सकारात्मक अंदाज में जवाब दिया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “सैम भाई और अंजना बेन को दिवाली और नूतन वर्ष अभिनंदन की शुभकामनाएं। आने वाले आनंदमय और स्वस्थ वर्ष के लिए प्रार्थना करता हूं। जय जगन्नाथ।”
नस्लभेदी टिप्पणी पर हुआ था बड़ा विवाद
बता दें कि सैम पित्रोदा और पीएम मोदी के बीच यह आत्मीय संवाद ऐसे समय में आया है जब कुछ समय पहले पित्रोदा के एक बयान पर भारी सियासी बवाल मचा था। पित्रोदा ने भारत के लोगों के रंग-रूप को लेकर एक विवादित टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि पूर्व के लोग चीनी जैसे, पश्चिम के अरब जैसे, उत्तर के गोरे और दक्षिण के लोग अफ़्रीकी जैसे दिखते हैं।
इस पर पीएम मोदी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा था, “मैं बहुत गुस्से में हूं। शहजादे के एक अंकल ने आज ऐसी गाली दी है, जिसने मुझे गुस्से में भर दिया है। संविधान सिर पर रखने वाले लोग देश की चमड़ी का अपमान कर रहे हैं।” हालांकि, मौजूदा बातचीत से लगता है कि दोनों नेताओं ने उन कड़वाहटों को दरकिनार कर दिया है।

