‘गोपालकों का अपमान भगवान कृष्ण का अपमान’, योगी पर बरसे अखिलेश

yogi-1754290502
अजमल शाह
अजमल शाह

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयानों को लेकर उन पर जोरदार पलटवार किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक लंबी पोस्ट के जरिए अखिलेश ने सीएम योगी की भाषा, व्यवहार और उनके राजनीतिक मंसूबों पर तीखे सवाल खड़े किए हैं।

‘भगवान राम के बाद अब कृष्ण पर वार’

अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर आरोप लगाते हुए कहा कि ‘गोपालकों’ को मंच से अपशब्द कहना प्रकारांतर में गोपाल यानी भगवान श्रीकृष्ण का अपमान है, जो पूरी तरह अक्षम्य है।

उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए लिखा, “पहले अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के चढ़ावा, चंदा और दान की चोरी में एक बड़े गिरोह के साथ संलिप्त रहे और राज न खुल जाए, इस डर से उन्हें क्लीन चिट दे दी। अब भगवान कृष्ण पर वार कर रहे हैं।”

सपा प्रमुख ने आगे कहा कि सनातन धर्म से अलग अपनी सत्ता स्थापित करने की मंशा के चलते मुख्यमंत्री ऐसे कुवचन बोल रहे हैं। इसी दुर्भावना के तहत वाराणसी में शिवजी की परम भक्त राजमाता देवी अहिल्याबाई की शिवलिंग लिए हुई प्रतिमा का घोर तिरस्कार किया गया था। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, “ये न भगवान शिव के सगे हैं, न भगवान राम के, न भगवान कृष्ण के और न ही देवी अहिल्याबाई के।”

‘सनातनी वस्त्र पहनकर निम्नस्तरीय भाषा न बोलें’

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री की भाषाई मर्यादा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने नसीहत देते हुए लिखा, “कृपया सनातनी वस्त्रों को पहनकर इतनी निम्नस्तरीय भाषा न बोलें। अपने व्यक्तित्व के आंतरिक पक्ष को बाहर लाने से पहले सोचना चाहिए कि वे एक संप्रदाय के सम्माननीय पद के साथ-साथ एक संवैधानिक पद पर भी विराजमान हैं। अपना श्रीमुख खोलने से पहले सार्वजनिक मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।”

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सीएम योगी का अहंकारी व्यवहार एक दुखी मां से लेकर पत्रकार, प्राचार्य और ईमानदार अधिकारियों तक का अपमान कर चुका है।

‘हार की हताशा में बिगड़ रहे हैं बोल’

अखिलेश ने मुख्यमंत्री को कमजोर करार देते हुए कहा कि हार को सामने देखकर बड़े-बड़े लोग शाब्दिक अराजकता पर उतर आते हैं। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री 2024 और 2026 की हार से डर गए हैं, इसीलिए उनके बोल बिगड़ गए हैं। वे 2027 में हमेशा के लिए हारेंगे। अगर वे जीत रहे होते तो हमारी नहीं, अपनी उपलब्धियों की बात करते।”

सपा प्रमुख ने दावा किया कि 2027 का चुनाव अब 5 प्रतिशत अहंकारियों बनाम 95 प्रतिशत पीडीए (PDA – पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) के बीच होगा। उनके मुताबिक, पीडीए का जनाधार 85 प्रतिशत से बढ़कर 95 प्रतिशत हो गया है।