क्या है योगी का 80 बनाम 20 फॉर्मूला और 27 चुनाव को लेकर उन्होंने क्या कहा

yogi
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2027 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों को लेकर एक बड़ा सियासी दावा किया है। दीपावली के अवसर पर 8 नवंबर को एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि यूपी का अगला चुनाव सीधे तौर पर ’80 बनाम 20′ की लड़ाई होगा। सीएम योगी के मुताबिक, यह अनुपात केवल सीटों में नहीं, बल्कि मतदाताओं के रुझान में भी साफ दिखाई देगा।

उन्होंने यह भी दावा किया कि आज की ‘Gen-Z’ (युवा पीढ़ी) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ मजबूती से खड़ी है, और प्रदेश में तीसरी बार डबल इंजन की सरकार बनेगी।

अखिलेश यादव को नसीहत: ‘माफी मांगकर ही आएं अयोध्या’

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को होने वाले अयोध्या दौरे पर टिप्पणी करते हुए सीएम योगी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या भगवान की नगरी है, वहां कोई भी आ सकता है, लेकिन आने वाले का भाव पवित्र होना चाहिए।

योगी ने कहा कि अखिलेश यादव को अयोध्या आने से पहले रामभक्तों पर गोली चलवाने और दशकों तक अयोध्या की उपेक्षा करने के लिए माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा, “अयोध्या में रावण, मारीच, सुबाहु और ताड़का का कोई चिह्न नहीं है, फिर उनके भक्त यहां क्यों आना चाहते हैं?”

राहुल गांधी और ‘PDA’ पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर संसद की कार्यवाही को बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बहस का सबसे बड़ा और पवित्र मंच संसद है, चौराहा नहीं। राहुल गांधी के उन आरोपों पर कि उनकी आवाज दबाई जा रही है, योगी ने चुटकी लेते हुए कहा, “उनकी आवाज ही नहीं है।” उन्होंने आपदा के वक्त राहुल के विदेश दौरों पर भी सवाल उठाए।

वहीं, अखिलेश यादव के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर प्रहार करते हुए सीएम योगी ने इसे ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ और ‘पराया धन अपना’ करार दिया। उन्होंने सपा पर घोर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव के टिकट बंटवारे में यह साफ दिखाई दे गया है।

ओवैसी के ‘मुस्लिम सीएम’ वाले बयान पर पलटवार

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी द्वारा मुस्लिम मुख्यमंत्री और बुर्के वाली प्रधानमंत्री की इच्छा जताने वाले बयान पर भी योगी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “ओवैसी की यह इच्छा कयामत तक पूरी नहीं होने वाली है।” योगी ने सपा, कांग्रेस और ओवैसी को एक ही थाली का चट्टा-बट्टा बताया।

रोजगार, बुलडोजर और विकास पर क्या बोले सीएम?

  • रोजगार: मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2017 से अब तक 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। फिलहाल 32 हजार पुलिस कांस्टेबल और 42 हजार होमगार्ड सहित अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेजी से चल रही है, जिनके नियुक्ति पत्र नवंबर-दिसंबर में बांटे जा सकते हैं।

  • बुलडोजर कार्रवाई: योगी ने इसे माफियाओं और अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ त्वरित न्याय बताया, जो सत्ता और व्यवस्था को चुनौती देते हैं।

  • मतदाता सूची: सीएम ने चुनाव आयोग का ध्यान खींचते हुए दावा किया कि 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं (जिनमें 55 लाख लाभार्थी और 4.5 लाख युवा शामिल हैं) के नाम वोटर लिस्ट से गायब हैं, जिन्हें जोड़ने और विदेशी घुसपैठियों के नाम हटाने की मांग की गई है।

  • अर्थव्यवस्था: उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू राज्य’ की श्रेणी से बाहर निकलकर देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है, और अगला लक्ष्य इसे देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है।

परिवारवाद के सवाल पर सीएम योगी ने भावुक होते हुए कहा कि यूपी की 25 करोड़ जनता ही उनका परिवार है। उन्होंने अपनी बहन का उदाहरण देते हुए कहा कि वह चाय की दुकान चलाती है, लेकिन किसी के आगे हाथ नहीं फैलाती और स्वाभिमान के साथ खड़ी है।