राहुल फिर जाएंगे अमेरिका, न्यूयॉर्क और शिकागो में छात्रों से संवाद की तैयारी

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक बार फिर अमेरिका के दौरे पर जा सकते हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है कि उनका यह दौरा नवंबर के तीसरे सप्ताह (16 से 20 नवंबर के बीच) में प्रस्तावित है। इस दौरे के दौरान राहुल गांधी अमेरिका में रह रहे प्रवासी भारतीयों (Indian Diaspora) और विश्वविद्यालयों के छात्रों को संबोधित कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि उनके इस कार्यक्रम को लेकर न्यूयॉर्क और शिकागो में युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं, हालांकि कांग्रेस पार्टी की ओर से अभी तक आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
कोलंबिया और शिकागो यूनिवर्सिटी में होगा संवाद
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी के इस अमेरिकी दौरे का मुख्य आकर्षण विश्वविद्यालयों में छात्रों के साथ उनका संवाद होगा। संभावित कार्यक्रम इस प्रकार है:
-
17 नवंबर: न्यूयॉर्क स्थित प्रतिष्ठित कोलंबिया विश्वविद्यालय (Columbia University) में छात्रों के साथ संवाद।
-
18 नवंबर: शिकागो विश्वविद्यालय (University of Chicago) में छात्रों के साथ चर्चा।
इन कार्यक्रमों के दौरान राहुल गांधी लोकतंत्र, युवाओं की भूमिका, शिक्षा, राजनीति और अन्य अहम वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार साझा कर सकते हैं। इसके अलावा, वह विभिन्न सामाजिक संगठनों और भारतीय मूल के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। सूत्रों का कहना है कि संसद के आगामी शीतकालीन सत्र के शुरू होने से पहले ही वह भारत लौट आएंगे।
पिछले कुछ सालों में लगातार किए हैं विदेशी दौरे
यह कोई पहला मौका नहीं है जब राहुल गांधी अमेरिका जा रहे हैं। पिछले कुछ सालों में उन्होंने अमेरिका के कई दौरे किए हैं, जहां वे विश्वविद्यालयों, थिंक टैंक और भारतीय समुदाय के बीच लगातार सक्रिय रहे हैं:
-
अप्रैल 2025 का दौरा: हाल ही में इसी साल अप्रैल में राहुल गांधी अमेरिका गए थे। वहां उन्होंने ‘ब्राउन यूनिवर्सिटी’ (Brown University) में छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत की थी और लोकतंत्र व भविष्य से जुड़े मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी थी।
-
सितंबर 2024 का दौरा: इससे पहले सितंबर 2024 में उन्होंने अमेरिका का तीन दिवसीय दौरा किया था। उस दौरान राहुल ने यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास (डलास) और जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी (वॉशिंगटन डीसी) में छात्रों और फैकल्टी के साथ संवाद किया था। साथ ही, उन्होंने भारतीय प्रवासी समुदाय को भी संबोधित किया था।

