ईरान की मदद का आरोप, भारतीय कंपनियां अमेरिकी प्रतिबंधों के घेरे में

Trump
Jyoti Atmaram Ghag
Jyoti Atmaram Ghag

मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद, बुधवार को अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने एक बड़ा कदम उठाते हुए भारत और तुर्की की कई कंपनियों और व्यक्तियों पर नए प्रतिबंध लगा दिए हैं।

मंत्रालय ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि वह ईरानी शासन का समर्थन करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखेगा। ये नए प्रतिबंध ट्रंप प्रशासन के ‘ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट’ (Operation Economic Outcast) का हिस्सा हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ईरान को तेल बेचकर पैसे जुटाने से रोकना और उसकी अर्थव्यवस्था को कमजोर करना है।

वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की चेतावनी: ‘आप हमारे साथ हैं या खिलाफ’

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने बुधवार को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वित्त मंत्रालय के इस फैसले को साझा करते हुए सख्त संदेश दिया। उन्होंने लिखा, “जैसा कि हमने कई बार कहा है, ‘ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट’ के तहत या तो आप हमारे साथ हैं या हमारे खिलाफ हैं। हमें पता है कि आप कहां हैं। ईरानी शासन का समर्थन जारी रखने वालों के खिलाफ हम बैन लगाएंगे, चाहे वे जमीन, समुद्र या हवाई मार्ग से ऐसा कर रहे हों।”

‘शैडो फ्लीट’ को मदद पहुंचाने का आरोप

मंत्रालय के फैसले में भारत स्थित एक नेटवर्क का विशेष रूप से जिक्र किया गया है। बयान में कहा गया है, “आज ‘ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट’ के तहत अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने भारत स्थित सुनील कुमार शर्मा और उनकी पत्नी जसप्रीत प्रीति शाहिद के बड़े आपराधिक नेटवर्क को निशाना बनाया है। यह नेटवर्क ईरान के ‘शैडो फ्लीट’ (गुप्त बेड़े) को मदद पहुंचा रहा था।”

मंत्रालय का आरोप है कि इस नेटवर्क की योजनाओं के तहत प्रतिबंधित जहाजों को फर्जी झंडे और फर्जी प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए गए। इन जहाजों का इस्तेमाल ईरानी पेट्रोलियम के परिवहन में किया जा रहा था, जिनमें वे जहाज भी शामिल थे, जो ईरानी सेना और उसके सहयोगी संगठनों के लिए काम कर रहे थे।

किन व्यक्तियों और कंपनियों पर लगा प्रतिबंध?

प्रतिबंधों की सूची में भारत के कई व्यक्तियों और कंपनियों के नाम शामिल हैं:

व्यक्तियों के नाम:

  • सुनील कुमार शर्मा

  • जसप्रीत प्रीति शाहिद

  • अश्वनी कुमार धीमान (चंडीगढ़)

  • इश्विंदर सिंह (चंडीगढ़)

कंपनियों के नाम:

  • एलेक्सार्या मीडिया एंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड

  • आर्यावर्त मैरीटाइम एंड एजुकेशनल ट्रस्ट

  • एलेक्सार्या फिनसर्व प्राइवेट लिमिटेड

  • आर्यावर्त शिप मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड (चंडीगढ़)

  • ओशेनिक टेक्नोलॉजीज इंडिया (चंडीगढ़)

  • पॉलिनेशिया मैरीटाइम प्राइवेट लिमिटेड (चंडीगढ़)

  • प्रिसेप्ट ट्रेंड्स प्राइवेट लिमिटेड (चंडीगढ़)

  • विहारा बोटिंग प्राइवेट लिमिटेड (केरल)

  • इस्वातिनी मैरीटाइम अफेयर्स एंड इंटरनेशनल शिप रजिस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड (सिंगापुर)

  • फ्यूगो ग्राउंड सर्विसेज इंक. (तुर्की)

मिडटर्म चुनावों के नतीजों का संदर्भ

गौरतलब है कि यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब मंगलवार को हुए मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। अब तक आए नतीजों के मुताबिक, अमेरिकी संसद के दोनों सदनों (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव और सीनेट) में डेमोक्रेटिक पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया है।