‘सुबह 11 बजे शराब की बू आती थी’, राहुल गांधी का भगवंत मान पर हमला

rahul-gandhi-manu-smriti-statement-bjp-reaction
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पंजाब की कानून-व्यवस्था और बढ़ते नशे के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार पर जोरदार हमला बोला है। संगरूर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने मान के व्यक्तिगत आचरण पर गंभीर सवाल उठाए और AAP सरकार पर पंजाब के युवाओं को नशे में झोंकने का आरोप लगाया।

‘सुबह 11 बजे ही मान के मुंह से आती थी शराब की बू’

राहुल गांधी ने भगवंत मान के संसद के दिनों को याद करते हुए एक व्यक्तिगत टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया, “भगवंत मान जब सांसद थे तो हमारे पास बैठकर चुटकुले सुनाते थे और सुबह के 11 बजे ही उनके मुंह से शराब की बू आती थी।”

उन्होंने आगे कहा, “भगवंत मान का शराब पीना उनका व्यक्तिगत मामला है, लेकिन अगर पंजाब वास्तव में नशे से लड़ना चाहता है, तो यहां का मुख्यमंत्री हर शाम नशा नहीं कर सकता।” राहुल ने कड़े शब्दों में कहा कि युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाली AAP सरकार को जनता कभी माफ नहीं करेगी और सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

‘AAP सरकार नहीं खत्म कर सकती नशा’

कांग्रेस नेता ने याद दिलाया कि AAP ने सत्ता में आने से पहले पंजाब को नशा मुक्त करने का बड़ा वादा किया था। उन्होंने सवाल किया, “पंजाब ने भगवंत मान और आम आदमी पार्टी पर भरोसा किया। मैं पूछना चाहता हूं कि पंजाब के किस कोने से नशा खत्म हुआ है?” राहुल ने दावा किया कि यह सरकार नशा खत्म नहीं कर सकती और पंजाब को एक ऐसे मुख्यमंत्री की जरूरत है जो राज्य के लिए संघर्ष करे।

सिद्धू मूसेवाला और कानून-व्यवस्था का जिक्र

पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मूसेवाला के साथ जो हुआ, वह आज पंजाब में ‘फैशन’ बन गया है।

उन्होंने आरोप लगाया, “जिस सोच ने मूसेवाला को गोली मारी थी, वही सोच आज पूरे पंजाब में फैल गई है। जो भी पंजाब के लिए काम करना चाहता है, उसे डराया-धमकाया जाता है और सरेआम गोली मार दी जाती है।”

अमित शाह पर भी साधा निशाना

अपने भाषण में राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि शाह ने तीन साल में पंजाब से नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन केंद्र सरकार तो एक साल में ही निपट जाएगी। राहुल ने तंज कसते हुए आरोप लगाया कि अमित शाह कानून-व्यवस्था की बात करते हैं लेकिन ‘गैंगस्टर पाल रखे हैं’, और अगर उन्हें कानून-व्यवस्था की बात करनी ही है तो मणिपुर के हालात का भी जिक्र करना चाहिए।