अखिलेश यादव को शिवराज की चुनौती, राहुल को नेता मानते हैं तो खुलकर कहें

भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें देश का ‘मुकुट मणि’ और ‘भगवान का वरदान’ करार दिया।
पदयात्रा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 49 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का ऐतिहासिक काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ऐसे नारे लगाएं जिससे दिल्ली में बैठे राहुल गांधी और ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के नेता भी कांप जाएं।
राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार में आने के लिए जनता का दिल जीतना पड़ता है, लेकिन यदि चुनावी मैदान में जीत हासिल नहीं हो रही है तो सड़क पर अराजकता फैलाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी का मुकाबला कोई नहीं कर पा रहा है और बंगाल से लेकर राजस्थान तक कांग्रेस को लगातार हार का सामना करना पड़ा है।
वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी चुनावों में भी उनका कुछ नहीं होने वाला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आने वाले समय में अखिलेश बाबू भी राजनीतिक रूप से निपट जाएंगे।
विपक्ष को खुली बहस की चुनौती
अपने संबोधन के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जिक्र करते हुए विपक्ष को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अमित शाह से बाद में बहस कर लें, पहले वे लोग मुझसे ही बहस कर लें। उन्होंने खुली चुनौती देते हुए कहा कि जहां कहा जाएगा, वे वहीं बैठकर बहस करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बीजेपी की इस पदयात्रा और बयानों को आगामी चुनावी राज्यों में राजनीतिक माहौल गर्माने के तौर पर देखा जा रहा है।

