बहराइच मेले में अचानक फटा जलपरी शो का टैंक, चार बच्चों समेत 15 घायल

up
अजमल शाह
अजमल शाह

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के फखरपुर कस्बे में आयोजित दादा मियां उर्स मेले के दौरान सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। मेले में चल रहे ‘जलपरी शो’ के दौरान पानी से भरा एक विशाल ग्लास टैंक का शीशा अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। टैंक में भरे हजारों लीटर पानी और कांच के टुकड़े सीधे दर्शकों पर आ गिरे, जिससे चार बच्चों समेत कुल 15 लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। गंभीर रूप से घायल बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल से मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है।

शो के दौरान अचानक हुआ हादसा

NDTV को मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा फखरपुर थाना क्षेत्र के खालिदपुर गांव में चल रहे दादा मियां उर्स मेले में हुआ। मेले में दर्शकों के मनोरंजन के लिए ‘जलपरी शो’ का आयोजन किया गया था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शो के दौरान लगभग 20 से 25 लोग वहां मौजूद थे, तभी अचानक पानी से भरे 20 हजार लीटर क्षमता वाले ग्लास टैंक का शीशा टूट गया। शीशा टूटने से भारी मात्रा में पानी बाहर आ गया और कांच के नुकीले टुकड़े सामने खड़े दर्शकों पर जा गिरे।

4 मासूम बच्चों समेत 15 लोग घायल

हादसे में सीधे तौर पर कांच की चपेट में आने से चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर और चेहरे पर चोटें आईं। घायलों की पहचान अर्श (8), बुरऊ (7), अहद खान (8) और मोहम्मद सादिक (9) के रूप में हुई है, जो सभी खालिदपुर गांव के ही निवासी हैं। इसके अलावा, टैंक के अंदर जलपरी का किरदार निभा रही युवती भी इस हादसे में घायल हो गई।

घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को फखरपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। हालात गंभीर होने पर चार बच्चों को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

आयोजक फरार, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

हादसे के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद शो के आयोजक और केयरटेकर मौके से फरार हो गए। इस घटना ने मेलों और आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था एवं अनुमति प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना किसी तकनीकी जांच और पर्याप्त सुरक्षा मानकों के इस तरह के खतरनाक शो संचालित किए जा रहे हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं, जिनका उचित इलाज कराया गया है। पुलिस ने फरार आयोजक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और उसकी तलाश में जुट गई है।