संगीत, कला और खाने का उत्सव: नवंबर में अबू धाबी में क्या-क्या होगा खास?

नवंबर के महीने में संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी आबू धाबी में दुनिया भर के पर्यटकों और कला प्रेमियों के लिए आयोजनों का तांता लगने वाला है। खेल, संगीत, समकालीन कला और संस्कृति से जुड़े इस महीने के कैलेंडर में कई बड़े ग्लोबल इवेंट्स शामिल हैं। एतिहाद एरिना (Etihad Arena) से लेकर मानरात अल सादियात तक, शहर के अलग-अलग हिस्सों में एक के बाद एक शानदार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
म्यूजिक और कॉन्सर्ट का जलवा
म्यूजिक लवर्स के लिए इस महीने आबू धाबी में कई बड़े नाम मंच पर उतर रहे हैं। एतिहाद एरिना में दुनिया के मशहूर संगीतकार हंस जिमर (Hans Zimmer) अपने ‘द नेक्स्ट लेवल’ टूर के तहत परफॉर्म करेंगे। 23वें आबू धाबी फेस्टिवल के तहत होने वाले इस शो में उनके साथ 19 सदस्यीय बैंड भी होगा, जो ‘द लायन किंग’, ‘ग््लैडिएटर’ और ‘इंटरस्टेलर’ जैसी फिल्मों का लोकप्रिय संगीत लाइव प्रस्तुत करेगा। इसके अलावा, तुर्की के लोकप्रिय पॉप स्टार टरकान (Tarkan) भी एतिहाद एरिना में अपनी धमाकेदार प्रस्तुति देंगे। मिस्र की प्रसिद्ध गायिका अंगहम (Angham) स्पेस42 एरिना में अपने चुनिंदा और सदाबहार गानों से समा बांधेंगी। महीने के अंत में, ओपेरा प्रेमियों के लिए एमिरेट्स पैलेस मंदारिन ओरिएंटल में कतर फिलहारमोनिक ऑर्केस्ट्रा द्वारा ग्यूसेपे वर्डी के निधन की 125वीं वर्षगांठ पर विशेष ओपेरा गाला का आयोजन किया जाएगा।
कला और डिजाइन के बड़े मेले
आबू धाबी इस साल कला के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर छूने जा रहा है। राजधानी में पहली बार प्रतिष्ठित ‘फ्रीज आबू धाबी’ (Frieze Abu Dhabi) का आयोजन मानरात अल सादियात में होने जा रहा है, जो शहर को ग्लोबल गैलरी नेटवर्क से जोड़ेगा। इसके साथ ही, ओल्ड आबू धाबी एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 पर ‘नोमाड आबू धाबी’ (NOMAD Abu Dhabi) नाम से एक इमर्सिव इंटरनेशनल आर्ट एंड डिजाइन फेयर सजेगा। समकालीन कला को आम जनजीवन तक पहुंचाने के लिए ‘पब्लिक आर्ट आबू धाबी बिएनियल’ भी अल ऐन से शुरू होकर आबू धाबी के सार्वजनिक स्थलों पर अपनी छटा बिखेरेगा।
स्पोर्ट्स और कॉम्बैट का रोमांच
खेल प्रेमियों के लिए नवंबर की शुरुआत ही बड़े मुकाबले से हो रही है। 14 नवंबर को एतिहाद एरिना में रियल अमेरिकन फ्रीस्टाइल रेसलिंग (RAF) का आबू धाबी डेब्यू होगा। इस मेगा इवेंट में यूएई के कॉम्बैट स्पोर्ट्स स्टार खमजात चिमाएव घरेलू दर्शकों के सामने कोल्बी कोविंगटन से भिड़ेंगे। इस फाइट कार्ड में अरमान त्सारुक्यन और हेनरी सेजुडो समेत दुनिया भर के कई जाने-माने ओलिंपिक और वर्ल्ड चैंपियंस भी शिरकत करेंगे।
पारंपरिक विरासत और फूड फेस्टिवल्स
स्थानीय संस्कृति और खानपान के शौकीनों के लिए भी राजधानी में कई विकल्प मौजूद हैं। अल ऐन के सौक अल कट्टारा में पारंपरिक हस्तशिल्प महोत्सव (Traditional Handicrafts Festival) चल रहा है, जो 11 नवंबर तक चलेगा। वहीं, कॉर्निश पर मारिटाइम हेरिटेज फेस्टिवल मछली पकड़ने, पर्ल डाइविंग और तटीय जीवन की पुरानी परंपराओं को जीवंत करेगा। इसके अलावा, यास गेटवे पार्क नॉर्थ में ‘टेस्ट ऑफ आबू धाबी’ फूड फेस्टिवल में लोग लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। परिवार और बच्चों के मनोरंजन के लिए अल ऐन और अल धफरा क्षेत्र में एमओटीएन (MOTN) फेस्टिवल का 10वां संस्करण भी शुरू होने जा रहा है।

