‘मुचुआ-जुमलू’ पर अखिलेश का तंज, बोले- यूपी के ‘वनस्पतु’ भी नहीं बचेंगे

दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) की महारैली के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव हमलावर मुद्रा में हैं। सपा प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा निशाना साधा है। अखिलेश का दावा है कि केंद्र में बदलाव के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी नहीं बचेंगे।
सोशल मीडिया पर कसा तंज
दिल्ली से लखनऊ लौटने के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए बीजेपी पर अपना हमला जारी रखा। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “मुचुआ भी जाएंगे और जुमलू भी जाएंगे, ये यूपी के वनस्पतु भी बच नहीं पाएंगे! इंडिया जनबंधन ज़िंदाबाद!” राजनीतिक हलकों में अखिलेश के इस बयान को सीधे तौर पर पीएम मोदी, चुनाव आयोग और सीएम योगी आदित्यनाथ से जोड़कर देखा जा रहा है। सपा अध्यक्ष ने अपने इस दावे के पीछे की कोई विस्तृत वजह साझा नहीं की है।
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप और सीएम से सवाल
रामलीला मैदान के मंच से अखिलेश ने भारतीय जनता पार्टी पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाता सूची (Voter List) में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। सपा प्रमुख के मुताबिक, बीजेपी ने अन्याय और बेईमानी की सभी सीमाएं लांघ दी हैं और जनता में इसके खिलाफ भारी नाराजगी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस दावे पर भी सवाल खड़े किए जिसमें 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के वोट कटने की बात कही गई थी। अखिलेश ने पूछा कि इतनी बड़ी संख्या और सटीक आंकड़ा मुख्यमंत्री के पास किस आधार पर आया। उन्होंने मांग की है कि इस आंकड़े का स्रोत स्पष्ट किया जाना चाहिए।
‘वाराणसी में डबल इंजन हुआ डबल जीरो’
अपने बयानों में अखिलेश यादव ने हाल ही में हुए वाराणसी विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों का भी जिक्र किया। उन्होंने बीजेपी के ‘डबल इंजन’ सरकार के नारे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वाराणसी में सत्ताधारी पार्टी का ‘डबल जीरो’ हो गया है। रामलीला मैदान से शुरू हुआ सपा प्रमुख का यह हमला लखनऊ वापसी के बाद भी लगातार जारी है।

