मॉक पार्लियामेंट से 1984 दंगों तक, चंडीगढ़ में शाह ने कांग्रेस पर उठाए सवाल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पंजाब के चंडीगढ़ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए INDIA गठबंधन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष द्वारा आयोजित रैली और ‘मॉक पार्लियामेंट’ को लेकर तंज कसते हुए शाह ने कहा, “मैं राहुल गांधी जी से कहना चाहता हूं कि आपको अगर प्रधानमंत्री बनना है तो ऐसे ही मॉक पार्लियामेंट करते रहिए। आपका नंबर नहीं लगने वाला है।”
पंजाब में NDA सरकार का दावा और 1984 के सिख दंगे
आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए अमित शाह ने राज्य में NDA की सरकार बनाने का दावा दोहराया। 1 नवंबर 1984 के सिख विरोधी दंगों की याद दिलाते हुए उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला किया।
शाह ने कहा, “1 नवंबर 1984 को सिख विरोधी दंगे हुए, जिनमें हजारों सिखों को मार दिया गया। तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने दंगों को लेकर कहा था कि ‘बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है।’ ऐसा कांग्रेस के नेताओं के अलावा कोई नहीं कर सकता। भारत ने ऐसे राज्य-प्रेरित दंगे न कभी देखे थे और न कहीं देखेंगे। हमारी सरकार ने दंगा करने वालों के केस दोबारा खुलवाए और कांग्रेस नेताओं को जेल में डाला।”
‘राहुल ने जख्मों पर नमक छिड़का, मोहब्बत की दुकान से निकली नफरत’
गृह मंत्री ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आज ही के दिन आयोजित विपक्ष की महारैली की टाइमिंग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया, “आज ही राजीव गांधी के पुत्र ने इन दंगों के जख्मों पर नमक छिड़कने के लिए दिल्ली में महारैली रखी है। उनकी ‘मोहब्बत की दुकान’ से सिर्फ नफरत ही निकलेगी। आज के दिन यह कार्यक्रम करने के लिए इनकी पार्टी को विदेश से ऑर्डर मिला है। इस रैली से दिल्ली के व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है।”
‘अगले तीन चुनाव तक नहीं खुलेगा दिल्ली में अकाउंट’
शाह ने दिल्ली की चुनावी राजनीति पर भविष्यवाणी करते हुए कहा, “दिल्ली में पिछले तीन चुनावों में आपका (कांग्रेस का) अकाउंट नहीं खुला है। मेरी बात लिख लीजिए, आने वाले तीन सालों में भी आपका अकाउंट नहीं खुलेगा।” इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब और पूरे देश को ड्रग्स मुक्त बनाया जाएगा।
संसद ठप करने का लगाया आरोप
राहुल गांधी पर संसद की कार्यवाही रोकने का आरोप लगाते हुए शाह ने कहा, “राहुल गांधी संसद नहीं चलने देते क्योंकि वे महिलाओं को आरक्षण नहीं दिलवाना चाहते। लेकिन हम महिलाओं को आरक्षण दिलवाकर ही रहेंगे।”
उन्होंने अपने संबोधन के अंत में कहा कि देश की जनता सब कुछ देख रही है कि कौन देश को सुरक्षित और आर्थिक रूप से समृद्ध बना रहा है। शाह ने दावा किया कि 2029 के लोकसभा चुनाव में देश की जनता इन सभी बातों का पूरा हिसाब-किताब कर देगी।

