AAP की पहली लिस्ट कल, केजरीवाल-भगवंत मान ने नामों पर किया मंथन

bhagwant-maan
शकील अहमद सैफी
शकील अहमद सैफी

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों (Punjab Assembly Election 2027) को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को ऐलान किया कि पार्टी शनिवार, 31 अक्टूबर को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर देगी।

यह फैसला पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, राज्य प्रभारी मनीष सिसोदिया और सीएम मान के बीच हुई एक अहम बैठक के बाद लिया गया। इस बैठक में पंजाब ‘आप’ के अध्यक्ष अमन अरोड़ा और राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए थे। जानकारी के मुताबिक, इस पहली सूची में 15 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया जा सकता है।

PAC को भेजी गई नामों की सूची

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि कुछ संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाकर सूची ‘पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी’ (PAC) को भेज दी गई है।

सीएम मान ने कहा, “आज 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर एक अहम बैठक हुई। कई नामों पर चर्चा की गई और कुछ नामों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इन नामों को आज शाम PAC के पास भेजा जाएगा। कल सुबह 11:00 बजे पीएसी की एक और बैठक होनी है। कल की बैठक के बाद ही पहली सूची तैयार हो जाएगी और हम नामों की घोषणा कर देंगे।”

फरवरी-मार्च 2027 में संभावित हैं चुनाव

गौरतलब है कि 117 सदस्यों वाली पंजाब विधानसभा का पांच साल का मौजूदा कार्यकाल 16 मार्च 2027 को समाप्त होने जा रहा है। ऐसे में चुनाव साल 2027 की शुरुआत में होने हैं। हालांकि, चुनाव आयोग (Election Commission) ने अभी तक मतदान कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि फरवरी-मार्च के आसपास मतदान हो सकता है।