पासपोर्ट खोने पर सरकारी दफ्तरों के चक्कर होंगे कम? कुवैत में आया Sahel

sahel app kuwait
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

कुवैत के गृह मंत्रालय (Ministry of Interior) ने देश में रहने वाले प्रवासियों के लिए एक नई इलेक्ट्रॉनिक सेवा की शुरुआत की है। अब विदेशी नागरिक अपने गुम हुए पासपोर्ट की रिपोर्ट सरकार के यूनिफाइड ‘साहेल’ (Sahel) ऐप के जरिए सीधे ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। इसके साथ ही उन्हें पासपोर्ट खोने का आधिकारिक प्रमाणपत्र (Loss Certificate) भी इसी प्लेटफॉर्म पर मिल जाएगा।

दफ्तरों के चक्कर काटने से मिलेगी मुक्ति

यह नई सुविधा साहेल ऐप के सुरक्षा सेवा (Security Services) सेक्शन में “सर्टिफिकेट ऑफ लॉस ऑफ पासपोर्ट” के नाम से जोड़ी गई है। इस अपडेट के बाद विदेशी निवासियों को अपने गुम हुए पासपोर्ट की शिकायत दर्ज कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। वे बिना किसी कार्यालय जाए पूरी प्रक्रिया इलेक्ट्रॉनिक रूप से पूरी कर सकते हैं।

संबंधित अधिकारियों को सौंपने के लिए मिलेगा आधिकारिक दस्तावेज

गृह मंत्रालय के अनुसार, प्रवासी इस नई सेवा का इस्तेमाल तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कर सकते हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद ऐप पर ही एक आधिकारिक प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। इस सर्टिफिकेट को आगे की जरूरी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों या दूतावास में आसानी से जमा किया जा सकता है।

पेपरवर्क कम करने और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने की पहल

मंत्रालय ने साहेल के आधिकारिक अकाउंट के जरिए इस नई सेवा के लॉन्च की घोषणा की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाना, कागजी कार्रवाई (Paperwork) को कम करना और सरकारी सेवाओं तक प्रवासियों की पहुंच को आसान बनाना है।

यह सुविधा कुवैत के उस व्यापक अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत डिजिटल सरकारी सेवाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि निवासियों को एक ही इलेक्ट्रॉनिक प्लेटफॉर्म के जरिए अपने सभी आधिकारिक लेनदेन और सरकारी काम निपटाने की सुविधा मिल सके।