संजय निषाद को सपा में लेने पर शिवपाल ने साधी चुप्पी, बीजेपी पर बरसे

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया दी है। कानपुर देहात में गुरुवार को एक कार्यक्रम के दौरान शिवपाल यादव ने मीडिया से बात करते हुए संजय निषाद के ‘दूसरा दरवाजा खटखटाने’ वाले बयान, ओम प्रकाश राजभर और बीजेपी पर खुलकर अपनी बात रखी। निषाद को सपा में शामिल करने के सवाल पर उन्होंने इसे पार्टी की रणनीति बताते हुए कोई स्पष्ट जवाब देने से इनकार कर दिया।
संजय निषाद के फैसले पर क्या बोले शिवपाल?
संजय निषाद के सपा के साथ आने की राजनीतिक अटकलों पर शिवपाल यादव ने कहा कि ऐसे मामलों पर फैसला पार्टी का नेतृत्व लेता है। उन्होंने कहा, “इस पर हम कुछ नहीं कर सकते हैं, यह पार्टी की रणनीति का सवाल है। अभी हम कुछ नहीं बता सकते हैं।”
संजय निषाद के कामकाज पर टिप्पणी करते हुए सपा नेता ने कहा कि उन्होंने अपने पांच साल के कार्यकाल में क्या काम किया है, यह जनता देख चुकी है। अगर वह दूसरी पार्टी का दरवाजा खटखटाना चाहते हैं, तो यह उनका अपना निर्णय है।
राजभर को दी नजरअंदाज करने की सलाह
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के बयानों को लेकर भी शिवपाल यादव से सवाल पूछा गया। उन्होंने कहा कि राजभर की बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उनके मुताबिक, वह कब क्या बोलते हैं, उस पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।
‘बीजेपी ढोंग करती है, हम सेक्युलर हैं’
समाजवादी पार्टी पर सनातन विरोधी होने के लग रहे आरोपों का भी शिवपाल यादव ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सपा सेक्युलर है और अपने पीडीए (PDA) संगठन के रास्ते पर चलती है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग ढोंग करते हैं और असली सनातनी नहीं हैं।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “जिन्होंने भगवान राम के मंदिर में चोरी कर ली है, उन्हें कैसे सनातन मान सकते हैं। हम लोग ईश्वर को मानने वाले लोग हैं।”
अमित शाह के यूपी दौरे पर प्रतिक्रिया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तर प्रदेश दौरे से जुड़े सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को अपनी-अपनी बैठकें करने और संगठन से बातचीत करने का अधिकार है।

