जंतर-मंतर मार्च में हाईवोल्टेज ड्रामा, राहुल-प्रियंका हिरासत में

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के मुद्दे पर जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने प्रदर्शन स्थल से दोनों नेताओं को जबरन हटाकर अलग-अलग बसों में बैठाया। हिरासत में लिए जाने से पहले, पुलिस द्वारा मार्च रोके जाने के विरोध में प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेता सड़क पर ही लेट गए और धरना शुरू कर दिया।
बस पंक्चर हुई, पैदल मार्च पर उतरे नेता
INDIA गठबंधन के सांसदों को जंतर-मंतर ले जा रही बस रास्ते में पंक्चर हो गई। साथ ही, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, इमरान प्रतापगढ़ी और इमरान मसूद बस के ऊपर चढ़ गए। स्थिति को देखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बस से नीचे उतर आए और अन्य विपक्षी नेताओं के साथ पैदल ही जंतर-मंतर की तरफ बढ़ने लगे।
प्रियंका गांधी का सड़क पर धरना, लगाया मारपीट का आरोप
जब पुलिस ने पैदल मार्च को भी रोक दिया, तो प्रियंका गांधी समेत कई नेता वहीं सड़क पर लेट गए। पुलिस की इस कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताते हुए प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया, “हमें मारा-पीटा जा रहा है। हमारे साथ गलत बर्ताव किया जा रहा है। सरकार पुलिस को यहां से हटाए।” इसके बाद महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं और प्रियंका गांधी को उठाकर जबरन सड़क से हटाते हुए बस में बैठाया गया।
राहुल गांधी ने बस से दिखाया विक्ट्री साइन
प्रदर्शन स्थल पर पुलिस ने राहुल गांधी को भी आगे बढ़ने से रोक दिया और उन्हें जबरदस्ती बस में बैठा लिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान राहुल गांधी ने बस के भीतर से अपने समर्थकों और मीडिया की ओर विक्ट्री साइन दिखाया। पुलिस की ओर से राहुल और प्रियंका को अलग-अलग बसों में ले जाया गया है।
‘लोकतंत्र पर लाठीचार्ज कर रही सरकार’
विपक्ष के इस मार्च के दौरान राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद मनोज कुमार झा ने सरकार पर तीखा हमला बोला। बस से उतरते हुए उन्होंने कहा, “यह एक शुरुआत है। सिर्फ ज्ञानेश कुमार ही नहीं, बल्कि यह सरकार अब जा रही है। वे भारत की आत्मा और भारत के लोकतंत्र पर लाठीचार्ज कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर शर्म आती है।”

