संजय के शांति नहीं महसूस होती पर बवाल, आमिर-शाहरुख भी रहे विवादों में

बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त इन दिनों अपने एक बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में शेखर सुमन के टॉक शो ‘शेखर टुनाइट’ में पहुंचे संजय दत्त ने भारत के मौजूदा माहौल को लेकर कुछ ऐसा कह दिया, जिस पर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है। संजय दत्त ने कहा था कि उन्हें अब देश में पहले जैसी ‘शांति’ महसूस नहीं होती है। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद संजय दत्त ने सफाई दी, लेकिन वे अकेले बॉलीवुड सितारे नहीं हैं जो देश के माहौल पर अपनी राय रखकर विवादों में घिरे हैं।
इससे पहले शाहरुख खान, आमिर खान और नसीरुद्दीन शाह भी ‘असहिष्णुता’ और देश के माहौल पर अपने बयानों को लेकर भारी विरोध का सामना कर चुके हैं।
संजय दत्त ने क्या कहा था?
शो के दौरान संजय दत्त ने कहा, “इस देश के लोग बहुत प्यारे हैं। यहां शांति होनी चाहिए, लेकिन मुझे अब हमारे देश में वो शांति महसूस नहीं होती। हम भारतीय बड़े दिल वाले और मेहमाननवाज होते हैं। हमने बहुत कुछ दिया है और हमें हमेशा ऐसा ही रहना चाहिए। मैं भगवान शिव से प्रार्थना करता हूं कि वो दिन जल्द वापस आएं।”
इस बयान के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर उनकी कड़ी आलोचना शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख संजय दत्त को सफाई देनी पड़ी। उन्होंने कहा कि यह बातचीत पूरी तरह से स्क्रिप्टेड थी और उनका मकसद किसी भी इंसान, समुदाय या संस्था की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।
शाहरुख खान: ‘असहिष्णुता बढ़ रही है’
(2015) साल 2015 में शाहरुख खान भी देश के माहौल पर टिप्पणी कर विवादों में आ गए थे। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, “मुझे लगता है कि असहिष्णुता बढ़ रही है।” इस बयान के बाद उन्हें भारी विरोध का सामना करना पड़ा था। यहां तक कि कई लोगों ने उन्हें परिवार समेत पाकिस्तान जाकर बसने की सलाह दे डाली थी।
बाद में शाहरुख को स्पष्टीकरण देना पड़ा था। उन्होंने सफाई देते हुए कहा, “मैंने ऐसा कभी नहीं कहा कि भारत असहिष्णु देश है। मेरे बयान का गलत मतलब निकाला गया, जिसकी वजह से मुझे काफी परेशानी हुई। यह बहुत गलत है।”
आमिर खान: ‘किरण ने पूछा, क्या हमें भारत से बाहर चले जाना चाहिए?’
उसी साल (2015) रामनाथ गोयनका अवॉर्ड समारोह के दौरान आमिर खान ने भी देश के माहौल पर चिंता जाहिर की थी। आमिर ने कहा था, “एक नागरिक के तौर पर हम अखबारों में पढ़ते हैं कि क्या हो रहा है, मैं निश्चित तौर पर चिंतित हुआ हूं।”
आमिर ने आगे कहा था, “जब मैं घर पर किरण (राव) के साथ बात करता हूं, तो वह कहती हैं कि ‘क्या हमें भारत से बाहर चले जाना चाहिए?’ किरण को बच्चों की चिंता है। उन्हें हर दिन अखबार खोलने में डर लगता है।” इस बयान के बाद आमिर और किरण को जमकर ट्रोल किया गया। बाद में आमिर ने सफाई देते हुए कहा था कि भारत उनका देश है, वह यहीं पैदा हुए हैं और उनका या किरण का देश छोड़ने का कोई इरादा नहीं था।

