इस्लाम अपनाने को तैयार थी गर्लफ्रेंड, फिर भी बसीर अली ने रिश्ता क्यों तोड़ा?

रियलिटी टीवी शोज ‘बिग बॉस’, ‘रोडीज’ और ‘स्प्लिट्सविला’ फेम बसीर अली ने अपनी पर्सनल लाइफ और पुराने रिश्तों को लेकर खुलकर बात की है। एक हालिया इंटरव्यू में बसीर ने बताया कि उनकी एक गैर-मुस्लिम गर्लफ्रेंड उनके लिए इस्लाम अपनाने को तैयार थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने ब्रेकअप का फैसला किया। बसीर के मुताबिक, उन्हें डर था कि वह लड़की इस्लाम के नियमों का सही से पालन नहीं कर पाएगी, जिसके गुनाह उनके खाते में जुड़ जाएंगे।
‘गर्लफ्रेंड ने कहा था- मैं धर्म बदलने के लिए तैयार हूं’
‘फिल्म विंडो’ के साथ हुई एक बातचीत में बसीर अली ने अपने उस पुराने रिश्ते पर चर्चा की। उन्होंने उस दौर को याद करते हुए बताया कि जिंदगी में एक समय ऐसा आया था जब उन्हें एक लड़की बहुत पसंद आने लगी थी और वह गैर-मुस्लिम थी।
बसीर ने बताया कि जब धर्म और उससे जुड़ी बातें हुईं, तो उस लड़की ने खुद सामने से कहा था कि वह उनके लिए इस्लाम धर्म अपनाने को तैयार है।
‘अगर उसने नमाज नहीं पढ़ी तो उसके गुनाह मेरे खाते में लिखे जाएंगे’
लड़की के धर्म परिवर्तन के लिए राजी होने के बावजूद बसीर ने रिश्ता खत्म करने का फैसला क्यों किया, इस पर उन्होंने अपनी सोच स्पष्ट की। बसीर ने बताया कि उन्हें एहसास हो गया था कि इस रिश्ते का कोई भविष्य नहीं है।
अपनी बात को समझाते हुए बसीर ने कहा, “अपवित्र इस्लाम स्वीकार किया। ठीक है। अब अगर उस इंसान ने वहां से, उस पल से, अगर इस्लाम को गले नहीं लगाया, अपनी नमाजें नहीं पढ़ीं, अपने इस्लाम को स्वीकार करके उसके नियमों और विनियमों का पालन नहीं किया, तो उसके जितने गुनाह हैं ना, वो आपके खाते में लिखे जाएंगे।” इसी वजह से उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से अलग होने का मन बना लिया।
सिंगल मदर ने की है बसीर की परवरिश
हैदराबाद में जन्मे और पले-बढ़े बसीर अली की परवरिश उनकी सिंगल मदर ने की है। उनकी स्कूली शिक्षा हैदराबाद के चिरेक इंटरनेशनल, सेंट जोसेफ पब्लिक स्कूल और ग्लेनडेल एकेडमी से हुई। इसके बाद उन्होंने सेंट मैरी कॉलेज से अपना ग्रेजुएशन पूरा किया। बचपन से ही खेलों में दिलचस्पी रखने वाले बसीर बास्केटबॉल और फुटबॉल खेलते रहे हैं। इसके अलावा फिटनेस ट्रेनिंग, स्विमिंग, स्केटिंग, डांसिंग और रैपिंग भी उनके शौक में शामिल हैं।
‘रोडीज’ से शुरू हुआ था रियलिटी शोज का सफर
एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में बसीर अली ने साल 2017 में कदम रखा था। वह पहली बार ‘MTV रोडीज राइजिंग’ में एक कंटेस्टेंट के तौर पर नजर आए थे। अपने गेमप्ले और निडर अंदाज के कारण उन्होंने जजों और फैंस का ध्यान खींचा और शो के रनर-अप रहे। उसी साल बसीर ने ‘स्प्लिट्सविला 10’ में भी हिस्सा लिया और नैना सिंह के साथ इस शो के विनर बने। साल 2018 तक उन्होंने खुद को एक टीवी होस्ट के रूप में भी स्थापित कर लिया था। इसी साल वह रियलिटी शो ‘ऐस ऑफ स्पेस 2’ में भी बतौर कंटेस्टेंट नजर आए थे।

