बिहार MLC चुनाव में कहां फंसा पेंच, NDA और महागठबंधन दोनों में खींचतान

बिहार विधान परिषद (MLC) की 8 सीटों पर हो रहे चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और विपक्षी महागठबंधन—दोनों ही खेमों में अंदरूनी कलह खुलकर सतह पर आ गई है। एनडीए में पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के तीन विधायकों ने पार्टी लाइन तोड़कर बगावती रुख अपना लिया है। दूसरी तरफ, महागठबंधन में सीटों का तालमेल पूरी तरह बिखर चुका है, जहां राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस के प्रत्याशी चार सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में उतर आए हैं।
सारण शिक्षक सीट पर कुशवाहा की पार्टी में खुली बगावत
आरएलएम (RLM) के तीन विधायकों—आलोक सिंह, रामेश्वर महतो और माधव आनंद ने पार्टी के आधिकारिक फैसले के खिलाफ रुख अख्तियार कर लिया है। इन तीनों विधायकों ने सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी रामपुकार सिन्हा को खुला समर्थन देने का ऐलान किया है। रामपुकार सिन्हा खुद आरएलएम के प्रवक्ता हैं।
सारण शिक्षक सीट पर पहले उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी ने अपना दावा ठोका था, लेकिन एनडीए के भीतर सीटों के तालमेल में यह सीट जनता दल यूनाइटेड (JDU) के खाते में चली गई। जेडीयू ने यहां से आनंद पुष्कर को अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के आधिकारिक फैसले के विपरीत विधायकों द्वारा निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन देने से एनडीए के भीतर असहज स्थिति बन गई है।
कलह से कुशवाहा का इनकार: ‘राजनीतिक माहौल में नशा घुल गया है’
अपनी पार्टी के तीन विधायकों के बागी रुख पर पार्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने किसी भी अंदरूनी खींचतान से साफ इनकार किया है। कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि पूरी पार्टी एनडीए के उम्मीदवार के साथ मजबूती से खड़ी है और संगठन में कोई फूट नहीं है।
जेडीयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर के लिए समर्थन दोहराते हुए कुशवाहा ने कहा, “यहां एनडीए का कैंडिडेट खड़ा है और हम सब उसके साथ हैं। मेरी पार्टी में कोई बागी नहीं हुआ है। इस चुनाव में चाहे विपक्ष के लोग हों या पक्ष के लोग, पूरे राजनीतिक वातावरण में नशा घुल गया है। उस नशे में कोई भी मदहोश हो जा रहा है।”
महागठबंधन में आर-पार: 4 सीटों पर RJD बनाम कांग्रेस
इधर, विपक्षी महागठबंधन में दरार और गहरी हो गई है। आठ सीटों पर हो रहे चुनाव में आरजेडी ने छह सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी, जिसके जवाब में कांग्रेस ने भी पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। इस फैसले के बाद चार महत्वपूर्ण सीटों पर दोनों सहयोगी दल आमने-सामने आ गए हैं।
इन चार सीटों पर दोनों दलों के बीच सीधा मुकाबला तय हो चुका है:
-
कोसी स्नातक सीट: कांग्रेस प्रत्याशी मनोज कुमार जायसवाल का मुकाबला आरजेडी के नितेश कुमार से होगा।
-
दरभंगा स्नातक सीट: कांग्रेस के रजनीकांत पाठक के सामने आरजेडी के अनिल कुमार झा मैदान में हैं।
-
पटना स्नातक सीट: कांग्रेस ने असदुल्लाह खान को उतारा है, जिनका सीधा मुकाबला आरजेडी के दिलीप कुमार से है।
-
पटना शिक्षक सीट: आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार सिंह के खिलाफ कांग्रेस ने डॉ. संजय यादव को टिकट थमाया है।

