अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद में ललन सिंह की एंट्री से JDU में क्यों बढ़ी चर्चा

बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव से पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भीतर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच छिड़ा सियासी घमासान थमता नजर नहीं आ रहा है। दोनों नेताओं के बीच विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी संभाल रहे केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने सोमवार को स्पष्ट किया कि अनंत सिंह ने नीरज कुमार के लिए वोट मांगने से साफ इनकार कर दिया है। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की पहल के बाद भी सुलह की कोशिशें बेअसर साबित हुई हैं, जिससे पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
‘हर क्रिया पर प्रतिक्रिया होती है, नेतृत्व से हुई थी चूक’
सोमवार को मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि उन्होंने अनंत सिंह से बात की है, लेकिन उनकी अपनी कुछ शिकायतें हैं।
पुरानी घटनाओं का हवाला देते हुए ललन सिंह ने कहा, “ताली एक हाथ से नहीं बजती, हर क्रिया पर प्रतिक्रिया होती है। अनंत सिंह ने जब विश्वास मत के प्रस्ताव के दौरान हमारे पक्ष में वोट किया था, तभी तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में यह तय किया गया था कि पार्टी उन्हें मोकामा से उम्मीदवार बनाएगी। इसके बावजूद नीरज कुमार ने उनका विरोध किया। अनंत सिंह बार-बार यह आरोप लगा रहे हैं और पार्टी नेतृत्व से उस समय चूक हुई थी।”
नीरज के लिए वोट नहीं मांगेंगे अनंत सिंह, सार्वजनिक बयानबाजी पर रोक
ललन सिंह के मुताबिक, अनंत सिंह अपने रुख पर पूरी तरह अड़े हुए हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को स्पष्ट कर दिया है कि जिस नेता ने उनके चुनाव में वोट नहीं मांगा, वह भी उस उम्मीदवार के लिए वोट मांगने नहीं जाएंगे।
हालांकि, केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि बातचीत के बाद अनंत सिंह इस बात पर सहमत हो गए हैं कि वे अब इस मुद्दे को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई बयानबाजी नहीं करेंगे।
विधानसभा चुनाव के दौरान का पुराना टकराव
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने इस बात की पुष्टि की कि विधानसभा चुनाव के दौरान नीरज कुमार वास्तव में अनंत सिंह के खिलाफ चले अभियान में शामिल थे। उस समय नीरज कुमार ने अनंत सिंह की पृष्ठभूमि को लेकर कड़े बयान दिए थे और कहा था कि किसी आपराधिक छवि वाले व्यक्ति को पार्टी अपना उम्मीदवार नहीं बनाएगी। उस विरोध के बावजूद जदयू ने अनंत सिंह को टिकट दिया था और वे चुनाव जीतने में सफल रहे थे।
नीरज कुमार के समर्थन में उतरे स्वास्थ्य मंत्री निशांत
अनंत सिंह की नाराजगी के बीच, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत खुलकर नीरज कुमार के पक्ष में प्रचार करते दिखे हैं। निशांत सोमवार को नीरज कुमार की नामांकन यात्रा में शामिल हुए।
उन्होंने नीरज कुमार की उम्मीदवारी का समर्थन करते हुए कहा कि वे पार्टी के मुख्य प्रवक्ता हैं, तीन बार से एमएलसी और मंत्री भी रहे हैं। निशांत ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि नीरज कुमार लंबे समय से पार्टी की समाजवादी विचारधारा से जुड़े रहे हैं, इसलिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर उनके पक्ष में अभियान चलाएं।

