प्लेन में हमला, कॉकपिट में मारपीट… फिर अब्दुल बासित बोले- ‘कॉमेडी फिल्म’

abdul bashit
राघवेन्द्र मिश्रा
राघवेन्द्र मिश्रा

दुनिया भर में ‘फ्लाईदुबई’ (Flydubai) फ्लाइट को क्रैश करने की हालिया कोशिश की तुलना 9/11 के आतंकी हमले से की जा रही है। लेकिन इस खौफनाक घटना ने पाकिस्तान के एक पूर्व शीर्ष राजनयिक को हंसने का मौका दे दिया है। भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त (High Commissioner) रहे अब्दुल बासित ने एक टीवी डिबेट के दौरान इस पूरी घटना का जमकर मजाक उड़ाया। उन्होंने लाइव कार्यक्रम में ठहाके लगाते हुए इस कथित आतंकी घटना को ‘कॉमेडी फिल्म’ करार दिया।

टीवी एंकर के गंभीर सवाल पर छूट गई हंसी

अब्दुल बासित पाकिस्तानी न्यूज चैनल ‘एबीएन न्यूज’ (ABN News) के एक कार्यक्रम में बतौर विदेश मामलों के विशेषज्ञ शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान चैनल की महिला एंकर ने उनसे सीधा सवाल किया, “बासित साहब, फ्लाईदुबई की फ्लाइट को क्या वाकई हाईजैक करने की कोशिश की गई या मामलात कुछ और ही हैं?”

इस बेहद गंभीर सवाल का जवाब देने के बजाय बासित मुस्कुराने लगे।

‘इस तथाकथित आतंकी घटना पर कॉमेडी फिल्म बनती है’

एंकर के सवाल पर मुस्कुराते हुए अब्दुल बासित ने कहा, “ओफ्फ, ये भी बड़ा जबरदस्त ही…” इसके बाद चंद सेकेंड की चुप्पी लेते हुए वह बोले, “इस पर तो एक फिल्म बननी चाहिए।”

बोलते-बोलते बासित दोबारा जोर से हंसने लगे। किसी तरह अपनी हंसी को काबू करते हुए उन्होंने आगे कहा, “सो-कॉल्ड (तथाकथित) टेररिस्ट एक्शन में जो वाकये हुए हैं, उस पर एक फिल्म तो बनती है। और मेरे ख्याल में वो शायद कॉमेडी फिल्म होगी, क्योंकि वाकई इसमें कॉमेडी ज्यादा है।”

भारत और इजरायल की थ्योरी पर उठाए सवाल

अपनी हंसी के बीच पूर्व राजनयिक ने अपनी बात को थोड़ा संतुलित करने की कोशिश भी की। उन्होंने कहा कि शुक्र है इस घटना में कोई ‘ट्रैजडी’ (बड़ी जनहानि) नहीं हुई। लेकिन अपनी बात पूरी करने से पहले ही बासित की फिर से हंसी छूट गई।

खुद को कंट्रोल करते हुए उन्होंने भारत और इजरायल पर निशाना साधा। बासित ने दावा किया, “जिस तरीके से इजरायल और इंडिया इसे पेश किए जा रहे हैं, वो कॉमेडी ज्यादा लगता है।” उन्होंने अपनी बात के समर्थन में यह भी दावा किया कि सीएनएन (CNN) जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय चैनल भी अब दबे शब्दों में इजरायल और भारत की थ्योरी को चुनौती दे रहे हैं।

कौन हैं अब्दुल बासित?

फ्लाईदुबई विमान में मचे बवाल और कॉकपिट अटैक का मजाक उड़ाने वाले अब्दुल बासित पाकिस्तान के एक वरिष्ठ राजनयिक रहे हैं। वह साल 2014 से लेकर 2017 तक नई दिल्ली में भारत के लिए पाकिस्तान के उच्चायुक्त के पद पर तैनात थे। उनकी यह ताजा प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है जब दुनिया भर की खुफिया और विमानन एजेंसियां फ्लाईदुबई फ्लाइट में हुए इस हमले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं।