अजय हटेंगे? कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदलने पर मंथन, मोना का नाम चर्चा में

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस (Congress) के अंदरखाने में बड़ी सियासी हलचल मची हुई है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के बीच चल रहे आपसी मतभेदों और खींचतान की शिकायतें अब सीधे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गई हैं। सूत्रों के अनुसार, यह मतभेद इतने बढ़ गए हैं कि केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष को बदलने (UP Congress President Change) की संभावनाओं पर भी गंभीरता से चर्चा की है। हालांकि, फिलहाल इस फैसले को ‘होल्ड’ पर रखा गया है।
राहुल गांधी के सामने उठी अध्यक्ष बदलने की मांग
सूत्रों के मुताबिक, करीब 10 दिन पहले दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की अध्यक्षता में यूपी कांग्रेस की एक अहम बैठक हुई थी। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, अजय राय और यूपी के कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
बैठक के दौरान खुलकर प्रदेश अध्यक्ष को बदलने के मुद्दे पर चर्चा हुई। यूपी कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता अजय राय को हटाने के पक्ष में थे, जबकि कुछ नेताओं ने इस पर असहमति जताई। शिकायत करने वाले नेताओं ने केंद्रीय नेतृत्व को स्पष्ट रूप से बताया कि “दूसरी पार्टी से आए नेता (राजेंद्र पाल गौतम) कांग्रेस और उत्तर प्रदेश की राजनीतिक नब्ज को समझ नहीं पा रहे हैं।”
आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नाम पर बनी थी सहमति!
इस उच्चस्तरीय बैठक में यूपी कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ (Aradhana Mishra ‘Mona’) का नाम नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मजबूती से सामने आया। सूत्रों का दावा है कि उनके नाम पर लगभग सहमति बन गई थी, लेकिन आखिरी वक्त पर केंद्रीय नेतृत्व ने अपना फैसला बदल दिया और फिलहाल मौजूदा संगठन को ही चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए हैं।
गौतम के 150 सीटों वाले बयान और समन्वय की कमी से विवाद
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर लगातार बातचीत चल रही है। इसी बीच, हाल ही में कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने यह बयान देकर खलबली मचा दी थी कि कांग्रेस यूपी में 150 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि, बाद में उन्हें अपना यह बयान बदलना पड़ा।
विवाद तब और गहरा गया जब सितंबर में यूपी कांग्रेस की एक प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस से खुद प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ही नदारद रहे। जब इस पर सवाल उठे, तो प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सफाई दी कि अध्यक्ष ‘चुनावी तैयारियों में व्यस्त हैं’, लेकिन दूसरी ओर अजय राय ने ऐसी किसी बैठक की जानकारी होने से ही साफ इनकार कर दिया।
कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भारी असंतोष
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि सिर्फ नेता ही नहीं, बल्कि कुछ प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी दिल्ली नेतृत्व तक अपनी शिकायतें पहुंचाई हैं। कार्यकर्ताओं का सीधा आरोप है कि प्रदेश संगठन के कामकाज में भारी कमियां हैं, शीर्ष नेताओं (अध्यक्ष और प्रभारी) के बीच समन्वय शून्य है और वे यूपी की जटिल राजनीतिक परिस्थितियों से निपटने में नाकाम साबित हो रहे हैं।

