टिकट कटने से नाराज संजयन ने उतारा BJP का झंडा, निर्दलीय भरा पर्चा

sanjayan bjp
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

 उत्तर प्रदेश में आगामी शिक्षक और स्नातक विधान परिषद (MLC) चुनाव से ठीक पहले सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एक बड़ा राजनीतिक भूचाल आ गया है। इस सीट से टिकट की आस लगाए बैठे बीजेपी के वरिष्ठ नेता डॉ. संजयन त्रिपाठी ने बगावत का बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने स्पष्ट ऐलान किया है कि वह पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के खिलाफ निर्दलीय मैदान में उतरेंगे।

‘बाहरी प्रत्याशियों को ला रही है बीजेपी’

टिकट कटने से बेहद खफा डॉ. संजयन त्रिपाठी ने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि वह इस सीट से सबसे मजबूत और स्वाभाविक दावेदार थे, फिर भी उनका टिकट काट दिया गया। उन्होंने पार्टी की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी अक्सर बाहर से नेताओं को ‘इंपोर्ट’ करके उन्हें प्रत्याशी बना देती है, जबकि जो नेता और कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर वर्षों से पार्टी के लिए पसीना बहा रहे हैं, उनकी खुलेआम अनदेखी की जा रही है।

निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव, पार्टी में असंतोष का दावा

डॉ. त्रिपाठी ने चेतावनी दी है कि पार्टी में उनके अलावा और भी कई नेता और कार्यकर्ता हैं जिनके भीतर भारी नाराजगी पनप रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपने निष्ठावान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच उचित सामंजस्य (संयोजन) नहीं बिठा पा रही है। उन्होंने कहा, “मैं पार्टी के लिए पूरी वफादारी के साथ काम कर रहा था और दो बार स्नातक एमएलसी चुनाव में मुझे बहुत कम मतों के अंतर से हार मिली थी। इसके बावजूद मेरी जमीनी पकड़ मजबूत है और शिक्षकों व समर्थकों ने मुझे निर्दलीय चुनाव लड़ने का भरोसा दिया है।”

बीजेपी के लिए क्यों बड़ी चुनौती है यह बगावत?

यूपी के आगामी एमएलसी और पंचायत चुनावों को 2027 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। ऐसे में गोरखपुर, जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह क्षेत्र और राजनीतिक गढ़ है, वहां से उठ रहे बगावत के सुर बीजेपी के लिए चिंता का विषय बन गए हैं।

डॉ. संजयन त्रिपाठी से पहले भी गोरखपुर क्षेत्र में पार्टी को झटका लग चुका है। हाल ही में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष अस्मिता चंद ने भी पार्टी से किनारा कर लिया था और बहुजन समाज पार्टी (BSP) का झंडा थाम लिया है। बताया जा रहा है कि अस्मिता चंद 2027 के विधानसभा चुनाव में बीएसपी के टिकट पर चिल्लूपार विधानसभा सीट से ताल ठोकने की पूरी तैयारी में हैं।