Election 2027: शिवपाल बोले- BJP चुनाव को हिंदू-मुस्लिम बनाना चाहती है

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ‘हिंदू बनाम मुस्लिम’ का मुकाबला बनाना चाहती है। बुधवार (22 सितंबर) को आजमगढ़ से देवरिया जाते समय पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा की इस रणनीति के बावजूद समाजवादी पार्टी अपने रास्ते से नहीं भटकेगी और विकास तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों पर ही मजबूती से टिकी रहेगी।
शिवपाल यादव ने कहा, “बीजेपी हर चुनाव को हिंदू बनाम मुस्लिम बनाकर लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाना चाहती है, लेकिन हम इससे विचलित नहीं होंगे। सपा पिछड़े वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों की आवाज लगातार उठाती रहेगी।” उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव करने वालों को जनता 2027 के चुनाव में सबक सिखाएगी।
‘संविधान को कुचलने के लिए हो रही बुलडोजर कार्रवाई’
प्रदेश के विभिन्न जिलों में चल रही बुलडोजर कार्रवाई पर निशाना साधते हुए सपा महासचिव ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जानबूझकर अल्पसंख्यकों और पिछड़े वर्गों को निशाना बना रही है। शिवपाल यादव के मुताबिक, इस तरह की एकतरफा कार्रवाई संविधान को कुचलने और कुछ खास समुदायों को सामाजिक व आर्थिक रूप से पिछड़ा बनाने की सोची-समझी कोशिश है।
यूपी के विभाजन की मांग पर राजभर और मसूद को जवाब
उत्तर प्रदेश को छोटे राज्यों में बांटने की चर्चाओं के बीच ओम प्रकाश राजभर और इमरान मसूद द्वारा विभाजन का समर्थन किए जाने पर भी शिवपाल यादव ने दो टूक जवाब दिया।
राज्य के बंटवारे का विरोध करते हुए उन्होंने कहा, “अगर पूर्वांचल बनेगा तो फिर पश्चिम यूपी भी बनेगा। यूपी को छोटे-छोटे राज्यों में बांटकर आखिर किसका फायदा होगा? आप कितने प्रदेश बनाएंगे? अगर कोई राज्य छोटा हो जाता है तो उसका राष्ट्रीय महत्व भी घट जाता है। देश में जहां-जहां छोटे प्रदेश बने हैं, वहां उनकी अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है। इसलिए बंटवारे की बात करने से पहले बेईमानी और भ्रष्टाचार खत्म करिए।”
‘विपक्ष को पीड़ितों से मिलने से रोक रही सरकार’
शिवपाल यादव ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार विपक्ष के नेताओं को पीड़ितों से मिलने से रोककर लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जहां भी जनता के साथ अन्याय होगा, समाजवादी पार्टी वहां पीड़ितों के साथ डटकर खड़ी रहेगी।
किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा, कार्यकर्ताओं को दिया निर्देश
सपा नेता ने जमीनी मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा शासन में आम जनता और किसानों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समय किसानों को न तो समय पर खाद मिल पा रही है और न ही पर्याप्त बिजली आपूर्ति हो रही है, जबकि नहरें पूरी तरह सूखी पड़ी हैं।
शिवपाल यादव ने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जनता की इन समस्याओं को लेकर मुखर रहें और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुट जाएं।

