RS Election: सपा के दो उम्मीदवारों ने भरा नामांकन, तीसरे नाम पर सस्पेंस

Akhilesh-Yadav-4
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश की दस राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने अपने दो उम्मीदवारों के नाम तय कर नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर दी है। सपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर राम गोपाल यादव और उद्योगपति धनराज नथवानी ने बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद दोनों प्रत्याशियों के साथ मौजूद रहे।

नथवानी दूसरा नहीं, ‘तीसरा’ पत्ता?

धनराज नथवानी के मैदान में उतरने को अखिलेश यादव के उसी ‘सरप्राइज’ से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसका दावा उन्होंने हाल ही में पत्रकारों के सामने किया था। हालांकि सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, रणनीतिक रूप से धनराज नथवानी सपा के दूसरे नहीं बल्कि तीसरे कैंडिडेट हैं। यानी वे उस सीट के उम्मीदवार बनाए गए हैं, जिसके लिए संख्याबल के आधार पर मतदान होना तय माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि सपा नेतृत्व इस रणनीति पर काम कर रहा है कि नथवानी के नाम पर भारतीय जनता पार्टी और अन्य खेमों से जुड़े विधायकों का समर्थन जुटाया जा सके।

एक और चौंकाने वाले नाम की तैयारी

समाजवादी पार्टी की तरफ से अभी तक दूसरे नंबर के आधिकारिक उम्मीदवार के नाम को सार्वजनिक नहीं किया गया है। दोनों प्रत्याशियों के पर्चा दाखिल करने के बावजूद दूसरे स्थान को लेकर बनी इस स्थिति के बाद सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि पार्टी दूसरे प्रत्याशी के रूप में किसी और बड़े चेहरे को सामने लाकर विपक्षी खेमे को चौंका सकती है।

कौन हैं धनराज नथवानी?

सपा प्रत्याशी धनराज नथवानी कॉर्पोरेट और खेल प्रशासन का जाना-पहचाना नाम हैं। वे रिलायंस इंडस्ट्रीज में ग्रुप प्रेसिडेंट हैं और अंबानी परिवार के नजदीकी माने जाते हैं। इसके साथ ही वे गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जहां वे पहले उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके पिता परिमल नथवानी झारखंड से भाजपा के समर्थन से राज्यसभा सांसद बने थे। ऐसे पृष्ठभूमि वाले चेहरे को सपा द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने से राज्यसभा चुनाव का मुकाबला बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है।