Yamuna Expressway : आग में घिरी बस, यात्रियों ने बताया खौफनाक मंजर

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) पर एक स्लीपर बस में लगी भीषण आग ने खौफनाक रूप ले लिया। जेवर थाना क्षेत्र के पास हुए इस अग्निकांड में अब तक 9 लोगों के मारे जाने की खबर है। हालांकि, किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकले यात्रियों का दावा है कि मृतकों की संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है, क्योंकि बस खचाखच भरी हुई थी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे का वीडियो भी सामने आया है।
हादसे का शिकार हुई यह बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। अधिकारियों के मुताबिक बस में 40 से 50 यात्री सवार थे। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। झुलसे हुए लोगों को इलाज के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
‘चारों तरफ धुआं था, किसी ने मुझे बाहर खींचा’
मौत के मुंह से बाल-बाल बची एक महिला यात्री ने उस डरावनी रात का मंजर साझा किया। उन्होंने बताया, “मैं गहरी नींद में सो रही थी। तभी किसी ने जोर से दरवाजा खटखटाया तो मेरी आंख खुली। बस के अंदर बहुत ज्यादा भीड़ थी। मुझे अपना कोई भी सामान उठाने का या जूते तक पहनने का मौका नहीं मिला। बस हाथ में फोन था, उसी को लेकर मैं बाहर की तरफ भागी।”
महिला यात्री ने आगे बताया, “गेट के पास इतनी भीड़ थी कि लोग एक-दूसरे को बुरी तरह धक्का दे रहे थे। मुझे भी धक्के लगे, लेकिन तभी किसी ने मुझे पकड़कर बाहर खींच लिया। उसके बाद मुझे कुछ याद नहीं, क्योंकि चारों तरफ सिर्फ धुआं ही धुआं था।”
‘भीड़ की वजह से निकलना आसान नहीं था’
एक अन्य चश्मदीद यात्री ने बताया कि आग लगने के दौरान बस में अफरा-तफरी का माहौल था। यात्री के मुताबिक, “जब मैं सो रहा था, तो किसी ने मुझे जगाया और चीखते हुए बताया कि बस में आग लग गई है। हम सब बाहर निकलने के लिए हड़बड़ी करने लगे, लेकिन वहां से निकलना बिल्कुल आसान नहीं था। बहुत धुआं भर चुका था। बस यात्रियों से इतनी खचाखच भरी हुई थी कि लोग अंदर दम घुटने से परेशान थे।”
यात्रियों का दावा है कि जो लोग इस धक्का-मुक्की में किसी तरह दरवाजे या खिड़की तक पहुंच पाए, केवल वही बच सके। महिला यात्री ने बताया, “मेरे पीछे भी कई लोग फंसे हुए थे, जो बाहर नहीं निकल पाए।”
प्रशासन इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है। बस के ड्राइवर और कंडक्टर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मुआवजे का ऐलान किया है।

