संगठन विस्तार पर NCP का मंथन, चुनाव की तैयारियों पर बनी रणनीति

33072525-3cde-488b-aa84-1e353a6677fa
अजमल शाह
अजमल शाह

उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावी मुकाबलों को देखते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP – अजित पवार गुट) ने संगठन स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शनिवार को राजधानी लखनऊ में पार्टी की यूपी इकाई की अहम बैठक हुई, जिसमें संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी विधानसभा तथा पंचायत चुनावों की तैयारियों पर विस्तृत रणनीति बनाई गई।

बैठक की अध्यक्षता एनसीपी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह ने की। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। इस दौरान विभिन्न जिलों से नए नेताओं और कार्यकर्ताओं के पार्टी में शामिल होने की जानकारी भी साझा की गई।

हर जिले और स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर

बैठक का मुख्य फोकस संगठन को जिला और ब्लॉक स्तर तक सक्रिय करने पर रहा। पार्टी पदाधिकारियों ने तय किया कि आने वाले दिनों में सदस्यता अभियान को गति दी जाएगी, ताकि नए चेहरों और युवाओं को पार्टी से जोड़ा जा सके। लखनऊ में खराब मौसम के बावजूद बैठक में कई जिलों से आए कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। बैठक में जनसंपर्क बढ़ाने और स्थानीय मुद्दों पर आंदोलन की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।

हर जिले तक संगठन खड़ा करना प्राथमिकता: हरिश्चंद्र सिंह

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह ने कहा, “उत्तर प्रदेश में एनसीपी को एक मजबूत संगठन के रूप में खड़ा करना हमारी प्राथमिकता है। आज की बैठक में संगठन विस्तार के साथ-साथ विधानसभा और पंचायत चुनावों की तैयारियों पर गंभीर चर्चा हुई है।” उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य प्रदेश के हर जिले और हर स्तर तक संगठन की पहुंच बनाना है, जिसके लिए सदस्यता अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों को आने वाले समय में और तेज किया जाएगा।

बैठक में ये प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल कुमार सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी तिवारी, प्रदेश महासचिव कामिनी शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह और प्रमोद कुमार शर्मा मौजूद रहे।

इनके अलावा प्रदेश महासचिव अभय कुमार सिंह, प्रदेश सचिव राजेश कुमार जायसवाल, प्रदेश सचिव पृथ्वीराज सिंह, कार्यालय सह प्रभारी एमएल प्रसाद, कालिका प्रसाद दूबे, शिवांकर सिंह और अतुल टंडन समेत कई नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।

तस्वीरें देखें :