फिजी में HIV का कहर क्यों बढ़ा? 60 में 1 वयस्क संक्रमित, इमरजेंसी घोषित

flu
Lee Chang (North East Expert)
Lee Chang  

दक्षिण प्रशांत महासागर में स्थित देश फिजी ने HIV एड्स के मरीजों और मृत्यु दर में अचानक हुई भारी वृद्धि के कारण राष्ट्रीय आपातकाल (National Emergency) घोषित कर दिया है। महामारी का रूप लेते इस संक्रमण से निपटने के लिए फिजी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद की गुहार लगाई है।

फिजी के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एंटोनियो लालाबालावु ने हालात की गंभीरता स्पष्ट करते हुए बताया कि देश की करीब 9 लाख की कुल आबादी में से 9,100 लोग एड्स से पीड़ित हो चुके हैं।

  • पांच साल पहले जहां 167 में से 1 वयस्क संक्रमित था, वहीं अब हर 60 में से 1 वयस्क HIV की चपेट में है।

  • सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि संक्रमण बच्चों और नवजात शिशुओं में तेजी से फैल रहा है। साल 2021 में एड्स से 25 मौतें हुई थीं, जो 2025 में बढ़कर 117 हो गईं।

संक्रमण का मुख्य कारण: ड्रग्स और असुरक्षित यौन संबंध

कोरोना महामारी के बाद फिजी में मेथमफेटामाइन और कोकीन जैसे ड्रग्स की सप्लाई तेजी से बढ़ी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, संक्रमण फैलने की दो सबसे बड़ी वजहें हैं:

  1. असुरक्षित यौन संबंध

  2. सुई बदले बिना इंजेक्शन से नशीली दवाओं (ड्रग्स) का सेवन

हालात पर काबू पाने के लिए फिजी सरकार ने युद्धस्तर पर ‘फ्री टेस्टिंग’ शुरू कर दी है। ड्रग्स लेने वालों के लिए ‘सुई और सिरिंज एक्सचेंज प्रोग्राम’ लागू किया गया है और बचाव के लिए प्री-एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस (PrEP) दवाएं लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं।

अंतरराष्ट्रीय मदद और भारत में एड्स की स्थिति

इस गंभीर संकट से निपटने में भारत, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, द ग्लोबल फंड और संयुक्त राष्ट्र संघ फिजी की मदद कर रहे हैं। भारत ने हाल ही में बोत्सवाना को एड्स पीड़ितों के इलाज के लिए 10 टन एंटीरेट्रोवायरल दवाएं भेजी थीं, जिसके चलते फिजी को भी भारत से बड़ी मदद की उम्मीद है।

भारत के आंकड़े: राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में एड्स की स्थिति काफी नियंत्रण में है:

  • देश में करीब 26 लाख लोग एड्स से पीड़ित हैं और वयस्कों में प्रसार दर केवल 0.2 प्रतिशत है।

  • 2010 से 2026 के बीच भारत में HIV मरीजों की संख्या में 44% और मौतों में 81% की भारी गिरावट दर्ज की गई है।

  • हालांकि, पूर्वोत्तर के राज्यों में स्थिति चिंताजनक है। मिजोरम में संक्रमण की दर देश में सर्वाधिक (2.32%) है। इसके बाद नागालैंड (1.45%) और मणिपुर (1.18%) का नंबर आता है।

  • भारत में 73% मरीजों को एड्स असुरक्षित यौन संबंध बनाने के कारण हुआ है, जबकि 11.5% मामले संक्रमित सुई के इस्तेमाल से जुड़े हैं।