PM Modi Birthday: 76वें जन्मदिन पर अखिलेश, योगी और ब्रजेश ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर 2026 को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देशभर से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। उत्तर प्रदेश के दिग्गज राजनेताओं ने भी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पीएम मोदी को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) के जरिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।
अखिलेश यादव ने की स्वस्थ और सक्रिय जीवन की कामना
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी के दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की बधाई और स्वस्थ एवं सक्रिय सार्थक जीवन के लिए शुभकामनाएँ!”
CM योगी ने की ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की जमकर तारीफ की। सीएम योगी ने लिखा कि पीएम मोदी ने सेवा को साधना, सुशासन को संकल्प और राष्ट्र निर्माण को सर्वोपरि ध्येय बनाकर जन-जन के जीवन में परिवर्तन की नई चेतना जगाई है।
इस अवसर पर सीएम योगी ने दो बड़े कार्यक्रमों का भी ऐलान किया:
-
सेवा संकल्प अभियान: बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी से आज पीएम मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया जा रहा है।
-
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0: भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर लखनऊ में ‘विश्वकर्मा स्वरोजगार एवं स्वदेशी मेला 2026’ आधारित प्रदर्शनी और मार्जिन मनी ऋण पोर्टल की शुरुआत की जा रही है। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और टूलकिट भी बांटे जाएंगे।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी दी बधाई
यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा, “विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता एवं भारत के गौरव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर हृदय की गहराइयों से हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री जी का जीवन राष्ट्रसेवा, जनसेवा और अंत्योदय के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है।”
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के मेहसाणा जिले के छोटे से कस्बे वडनगर में हुआ था। लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी देशभर में बड़े स्तर पर ‘सेवा पर्व’ के रूप में मना रही है।
