ओवैसी की ललकार: ‘निकाह एक कॉन्ट्रैक्ट है, जन्म-जन्म का साथ नहीं’

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के खिलाफ आयोजित विशाल जनसभा में जमकर हुंकार भरी। सेंट्रल लाइब्रेरी में आयोजित इस सभा में ओवैसी ने मुस्लिम पर्सनल लॉ, UCC और RSS को लेकर कई बेबाक और विवादित बयान दिए। इसके साथ ही, उन्होंने एक स्थानीय बीजेपी विधायक के पुराने बयान का जिक्र करते हुए उन्हें खुली चुनौती दे डाली, जिससे सूबे का सियासी पारा और चढ़ गया है।
‘निकाह कॉन्ट्रैक्ट है, सात जन्मों का बंधन नहीं’
अपने भाषण के दौरान ओवैसी ने हिंदू और मुस्लिम विवाह व्यवस्था की तुलना करते हुए कहा कि हिंदुओं में विवाह को जन्म-जन्म का साथ माना जाता है, जबकि इस्लाम में ‘निकाह’ एक कॉन्ट्रैक्ट (अनुबंध) है। उन्होंने आरोप लगाया कि UCC की आड़ में सरकार गैर-हिंदुओं पर जबरन ‘हिंदू मैरिज एक्ट’ थोपने की कोशिश कर रही है और यह कानून समानता के लिए नहीं, बल्कि सीधे तौर पर मुसलमानों को निशाना बनाने के लिए लाया जा रहा है।
आदिवासियों को छूट, तो मुसलमानों को टारगेट क्यों?
ओवैसी ने मध्य प्रदेश के जनसांख्यिकीय आंकड़ों का हवाला देते हुए सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 21 फीसदी आदिवासी आबादी निवास करती है, जिन्हें उनकी विशिष्ट पहचान के कारण UCC के दायरे से बाहर रखा गया है। ओवैसी ने पूछा कि यदि आदिवासियों को छूट दी जा सकती है, तो फिर 9 फीसदी मुस्लिम आबादी को इस कानून के दायरे में जबरन क्यों लाया जा रहा है?
RSS पर तीखा प्रहार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर निशाना साधते हुए AIMIM चीफ ने कहा, “इस्लाम को कोई खत्म नहीं कर सका, ये RSS कौन सी खेत की मूली है।” उन्होंने वीडी सावरकर और एमएस गोलवलकर के विचारों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि कानून बनते और बिगड़ते रहते हैं, लेकिन वे संघ की लिखी बातों को नहीं, बल्कि सिर्फ भारत के संविधान को मानते हैं। उन्होंने मुस्लिम युवाओं से अपने हकों के लिए आवाज उठाने की भी अपील की।
BJP विधायक रामेश्वर शर्मा को खुली चुनौती
जनसभा के सबसे आक्रामक हिस्से में ओवैसी ने भोपाल की हुजूर सीट से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा को उनके एक पुराने बयान पर ललकारा। गौरतलब है कि रामेश्वर शर्मा ने कुछ समय पहले कथित तौर पर ‘करोंद चौराहे से काजी कैंप पर मिसाइल गिराने’ की बात कही थी (जिस पर बाद में उन्होंने इस्लामाबाद के काजी कैंप का हवाला देकर सफाई दी थी)।
इस बयान पर पलटवार करते हुए ओवैसी मंच से गरजते हुए बोले, “आप करोंद स्क्वायर से काजी कैंप पर मिसाइल गिराने की बात करते हो। रामेश्वर शर्मा, तुम माई के लाल हो तो बताओ कब लांच करोगे? मैं अकेला काजी कैंप पर ठहरता हूं। तुम्हारे अंदर दम है तो गिराकर बताओ। मैं तुम्हारे जैसों से डरता नहीं हूं।” ओवैसी के इस तल्ख और विवादित बयान के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति में एक नई बहस छिड़ गई है।
