सिंगर गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग, सिद्धू मूसेवाला से क्या है कनेक्शन?

gulab
महेंद्र सिंह
महेंद्र सिंह

पंजाब के बरनाला में पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर शनिवार रात तीन बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। गुलाब सिद्धू की पहचान दिवंगत सिंगर सिद्धू मूसेवाला के करीबी के तौर पर होती है। पंजाबी गायकों और गैंगस्टर्स के बीच टकराव का यह नया मामला सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया है।

गैंगस्टर डोनी बल ने ली हमले की जिम्मेदारी

फायरिंग की घटना के बाद गैंगस्टर डोनी बल का एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उसने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। ऑडियो में डोनी ने कहा है कि गुलाब सिद्धू उनका फोन नहीं उठा रहा था, इसलिए उन्होंने गोलियां चलाकर उसके घर का दरवाजा खटखटाया है।

गैंगस्टर ने सिंगर पर आरोप लगाया है कि गुलाब सिद्धू अपने फायदे के लिए सिद्धू मूसेवाला के नाम का इस्तेमाल कर रहा है। डोनी बल के मुताबिक, गुलाब सिद्धू अब उन लोगों के यहां पार्टियों में जा रहा है, जो मूसेवाला की हत्या करने वालों के दोस्त हैं।

घटना के वक्त ऑस्ट्रेलिया में थे गुलाब सिद्धू

हमले के वक्त गुलाब सिद्धू बरनाला स्थित अपने घर पर मौजूद नहीं थे। जानकारी के अनुसार, वह अपने एक म्यूजिक एल्बम की शूटिंग के सिलसिले में इन दिनों ऑस्ट्रेलिया गए हुए हैं।

बरनाला के एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि हमलावरों ने कम से कम 6 राउंड फायरिंग की है। तीन संदिग्धों को बाइक पर बैठकर फायरिंग करते देखा गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिंगर के घर के दरवाजे पर गोलियों के सीधे निशान पाए गए हैं। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और वायरल ऑडियो समेत अन्य जानकारियों को वेरिफाई कर रही है।

सिद्धू मूसेवाला से रहा है सीधा कनेक्शन

गुलाब सिद्धू को इससे पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में उनके ‘लाहौर’, ‘आधी पागल’, ‘जान मेरिये’, ‘शुकर मालका’ और ‘सरपंच’ जैसे गाने काफी लोकप्रिय रहे हैं और यूट्यूब पर इनके करोड़ों व्यूज हैं। गायकी के अंदाज के चलते कई लोग उनकी तुलना सिद्धू मूसेवाला से भी करते हैं।

29 मई 2022 को मानसा जिले के गांव जवाहरके में सिद्धू मूसेवाला की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के बाद गुलाब सिद्धू काफी मुखर रहे थे और उन्होंने ‘जस्टिस फॉर मूसेवाला’ नाम से एक कैंपेन भी चलाया था।